स्पीकर बिरला एवं मंत्री नागर कनवास में देंगे विकास की सौगात

0
6

कोटा/ कनवास। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला एवं ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर शनिवार को कनवास क्षेत्र में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। वे अपराह्न 1 बजे खेल मैदान कनवास में होने वाले समारोह में शामिल होंगे। जहां 32.28 करोड रुपए से अधिक की राशि से होने वाले 5 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

कनवास भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष सत्यवान नगर ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला होंगे। वहीं अध्यक्षता ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर करेंगे।

इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के देहात जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर, जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, सांगोद प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं, सुल्तानपुर प्रधान कृष्णा शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

इस दौरान कनवास में 18.10 करोड रुपए की लागत से तैयार 132 केवी जीएसएस का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं 9 करोड रुपए की लागत से कनवास में प्रस्तावित पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया जाएगा।

इसके अलावा धूलेट में 5.11 करोड रुपए तथा खजूरना में 4.92 करोड रुपए की लागत से प्रस्तावित 33/11 केवी जीएसएस के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जालिमपुरा में पावर ग्रिड के अंतर्गत सीएसआर योजना से सामुदायिक भवन के विस्तार के कार्य का लोकार्पण भी किया जाएगा।

9 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा कॉलेज भवन
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की अनुशंसा पर बजट घोषणा वर्ष 2025- 26 के अंतर्गत कनवास में घोषित पॉलिटेक्निक कॉलेज के नवीन भवन का निर्माण किया जाएगा। जिसके लिए निदेशक तकनीकी शिक्षा की ओर से 9 करोड रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी हो चुकी है। कॉलेज भवन के निर्माण के लिए दूधियाखेड़ी माताजी मंदिर के पास जगह चिन्हित की गई है। इस कॉलेज से कनवास के अलावा देवली, सांगोद और बपावर तक के बच्चे लाभान्वित हो सकेंगे। विशेषकर बेटियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा।

132 केवी जीएसएस का होगा लोकार्पण
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के प्रयासों से क्षेत्र में बिजली संकट का समाधान करते हुए कनवास में 132 केवी जीएसएस का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया गया है। जनवरी 2026 से यहाँ सप्लाई प्रारंभ हो चुकी है। जिससे क्षेत्र के हजारों परिवारों और किसानों को लाभ मिल रहा है।
इससे कनवास उपखण्ड के लगभग 5,500 कृषि और 9,000 घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध होने लगी है। क्षैत्र की कनवास, जालिमपुरा, बास्याहेड़ी, हिंगोनिया और आंवा पंचायतों के गाँवों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा दांता, धूलेट, लालाहेड़ा, नयागांव, बाछीहेड़ा पंचायतों के कुल 18 गाँव लाभान्वित होंगे।
मोरुकलां पंचायत के 4 गाँवों को बेहतर वोल्टेज की सुविधा मिलेगी।

फैक्ट फाइल

  • कुल लागत: 27 करोड़ रुपए के निवेश से आधुनिक ऊर्जा बुनियादी ढाँचे का निर्माण।
  • त्वरित कार्य: मार्च 2024 में शिलान्यास के बाद अत्यंत कम समय में निर्माण पूर्ण कर लोकार्पण।
  • सशक्त नेटवर्क: 33 केवी के 3 फीडर स्वीकृत, जिनमें से कनवास फीडर चालू हो चुका है।
  • ट्रिपिंग से मुक्ति: 33 केवी दरा फीडर को जोड़ने से मंडाना से आने वाली लंबी लाइन की ट्रिपिंग समस्या का स्थायी समाधान।