मुंबई। सोने की कीमत प्रति 10 ग्राम डेढ़ लाख रुपये के पार चली गई है। इसकी कीमत में पिछले साल से ही भारी उछाल दिख रही है। तभी तो भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने साल 2025 में सोने की खरीद में भारी कमी की है। यह पिछले 8 सालों में सबसे कम खरीद है।
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, RBI ने 2025 में महज 4.02 टन सोना ही खरीदा। जबकि साल 2024 में रिजर्व बैंक ने 72.6 टन सोना खरीदा था। इसका मतलब है कि 2025 में RBI ने 2024 की तुलना में लगभग 94% कम सोना खरीदा।
भले ही पिछले साल रिजर्व बैंक ने कम सोना खरीदा हो, लेकिन खरीद में कमी के बावजूद, RBI के पास कुल सोने का भंडार इस समय रिकॉर्ड स्तर पर है। साल 2025 के अंत तक, RBI के पास कुल 880.2 टन सोना था।
एक साल पहले मतलब कि 2024 के अंत में यह 876.18 टन था। तभी तो देश के विदेशी मुद्रा भंडार में सोना एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। नवंबर 2025 तक, RBI के विदेशी मुद्रा भंडार में सोने का मूल्य 100 अरब डॉलर से अधिक हो गया था।
विदेशी मुद्रा भंडार में सोना कितना
आप जान ही चुके हैं कि साल 2024 में रिजर्व बैंक ने सोने की बड़ी खरीदारी की थी। इसके बाद 2025 में सोने की कीमतों में भारी उछाल आया। इस साल भी यह बढ़ ही रही है। तभ्ज्ञी तो RBI के विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी काफी बढ़ गई है। एक साल में यह हिस्सेदारी लगभग 10% से बढ़कर 16% हो गई है।

