नई दिल्ली। Gold Silver Price: सोने और चांदी की कीमतों में अगले हफ्ते तेजी आने के आसार हैं। एक्सपर्ट ने यह अनुमान जाहिर किया है। उनका मानना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्लोबल टैरिफ बढ़ाने के फैसले और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर रुख कर रहे हैं।
बाजार की चाल जानने के लिए निवेशक अमेरिका के उत्पादक मूल्य सूचकांक, लोगों के आर्थिक भरोसे, साप्ताहिक बेरोजगारी के दावों और चीन के केंद्रीय बैंक की ओर से ब्याज दर के फैसले जैसे महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों पर नजर रखेंगे।
चॉइस ब्रोकिंग के अनुसार, ‘बाजार अमेरिकी उत्पादक मूल्य सूचकांक, आवासीय आंकड़े, उपभोक्ता विश्वास, क्षेत्रीय फेडरल रिजर्व संकेतक और चीन के केंद्रीय बैंक के प्रमुख ब्याज दर के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।’ उसने यह भी कहा कि अमेरिका में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ट्रंप का ग्लोबल आयात शुल्क बढ़ाना और बढ़ते भू-राजनीतिक जोखिमों ने वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता पैदा कर दी है। इससे निवेशक सुरक्षित निवेश (सोना और चांदी) की ओर बढ़े हैं।
बीते हफ्ते बढ़ी थीं सोने-चांदी की कीमतें
पिछले हफ्ते मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर चांदी की कीमतों में 8,584 रुपये यानी 3.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। वहीं, सोने की कीमत लगभग 981 रुपये यानी एक फीसदी बढ़ी।
एंजेल वन के शोध विभाग के प्रथमेश माल्या ने बताया कि 20 फरवरी तक सोने की कीमतें सीमित दायरे में रहीं। एमसीएक्स पर सोने की कीमत 10 ग्राम के हिसाब से 1.5 लाख से 1.6 लाख रुपये के बीच बदलती रही। अमेरिका के कमजोर आर्थिक आंकड़े और बढ़ते भू-राजनीतिक जोखिमों ने सोने की कीमतें बढ़ा दीं। साथ ही, निवेशकों ने फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दर में कटौती की संभावना को भी ध्यान में रखा।

