मुंबई। शेयर बाजार में शुक्रवार को गिरावट पर ब्रेक लग गया है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 479.61 अंक बढ़कर 60,081.45 पर पहुंच गया है। बैंकिंग शेयर बढ़त में कारोबार कर रहे हैं।
आज सेंसेक्स 175 अंक ऊपर 58,776 पर खुला था। दिन में इसने 60,054 का ऊपरी और 59,727 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में से 4 शेयर गिरावट में बाकी 26 बढ़त में हैं। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में मारुति, नेस्ले, डॉ. रेड्डी और HDFC हैं। बढ़ने वाले प्रमुख शेयर में टाइटन, ICICI बैंक, SBI और HDFC बैंक 1-1% से ज्यादा बढ़े हैं।
कोटक महिंद्रा, विप्रो के शेयर तेजी में
कोटक महिंद्रा बैंक, विप्रो, पावर ग्रिड, NTPC, एशियन पेंट्स, एयरटेल, सन फार्मा और TCS के भी शेयर तेजी में कारोबार कर रहे हैँ। सेंसेक्स के 406 स्टॉक अपर सर्किट में और 79 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब यह है कि एक दिन में इन शेयर्स में इससे ज्यादा बढ़त या गिरावट नहीं हो सकती है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 272.57 लाख करोड़ रुपए है।
उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 132 अंक ऊपर 17,878.10 पर कारोबार कर रहा है। इसने दिन में 17,852 का ऊपरी और 17,787 का निचला स्तर बनाया। निफ्टी के मिडकैप, बैंकिंग, फाइनेंशियल और नेक्स्ट 50 इंडेक्स तेजी में कारोबार कर रहे हैं। इसके 50 शेयर्स में से 37 बढ़त में और 13 गिरावट में हैं।
सिप्ला, डिवीज लैब गिरावट में
गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में HDFC, डॉ. रेड्डी, सिप्ला, डिवीज लैब हैं। जबकि बढ़ने वाले शेयर में ONGC, टाइटन, ग्रासिम, ICICI बैंक और कोल इंडिया हैं।
कल लाल निशान में बंद हुए थे बाजार
इससे पहले कल शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुए थे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 621अंक गिर कर 59,601 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 179 अंक गिरकर 17,745 पर बंद हुआ था।

