सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से छह का Market Cap तीन लाख करोड़ रुपये गिरा

0
10

नई दिल्ली। Market cap: पिछले हफ्ते शेयर बाजार में गिरावट रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 953.64 अंक या 1.14 प्रतिशत नीचे आया। इससे सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से छह के मार्केट कैप में पिछले सप्ताह तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई।

इन छह कंपनियों का मार्केट कैप गिरा
सबसे ज्यादा नुकसान में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनियां टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इन्फोसिस रहीं। टीसीएस, इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एलआईसी और भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में गिरावट आई। वहीं एसबीआई, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो और आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत बढ़ गई।

आईटी कंपनियों को पिछले हफ्ते सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस का मार्केट कैप 90,198.92 करोड़ रुपये कम होकर 9,74,043.43 करोड़ रुपये रह गया।

इसी तरह इन्फोसिस का मूल्यांकन 70,780.23 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 5,55,287.72 करोड़ रुपये रहा। एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 54,627.71 करोड़ रुपये घटकर 13,93,621.92 करोड़ रुपये और रिलायंस इंडस्ट्रीज का मूल्यांकन 41,883 करोड़ रुपये घटकर 19,21,475.79 करोड़ रुपये रह गया। एलआईसी का बाजार पूंजीकरण 23,971.74 करोड़ रुपये घटकर 5,46,226.80 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल का मूल्यांकन 19,244.61 करोड़ रुपये घटकर 11,43,044.03 करोड़ रुपये रह गया।

कौन रहा फायदे में?
इस रुख के उलट एसबीआई का मूल्यांकन 1,22,213.38 करोड़ रुपये बढ़कर 11,06,566.44 करोड़ रुपये हो गया। बजाज फाइनेंस की बाजार हैसियत 26,414.44 करोड़ रुपये बढ़कर 6,37,244.64 करोड़ रुपये हो गई। लार्सन एंड टुब्रो का मूल्यांकन 14,483.9 करोड़ रुपये बढ़कर 5,74,028.93 करोड़ रुपये हो गया। आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 5,719.95 करोड़ रुपये बढ़कर 10,11,978.77 करोड़ रुपये हो गई।