नई दिल्ली। सिट्रोन इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी दो नई कार एयरक्रॉस एक्स मैक्स टर्बो फाइव-सीटर और C3 लाइव (O) लॉन्च कर दी हैं। साथ ही, कंपनी ने ऑफिशियली इन दोनों की बुकिंग भी शुरू कर दी है।
दोनों मॉडल सिर्फ बुकिंग के आधार पर ही मिलेंगे, जिनका प्रोडक्शन कन्फर्म कस्टमर ऑर्डर के हिसाब से होगा। सिट्रोन एयरक्रॉस एक्स मैक्स टर्बो को एयरक्रॉस रेंज के कम्फर्ट-फोकस्ड कॉन्फिगरेशन के तौर पर पेश किया गया है। चलिए इन दोनों कारों के फीचर्स और कीमत के बारे में डिटेल से जानते हैं।
इसमें 5-सीट लेआउट है जिसमें दूसरी रो में ज्यादा जगह है, जिसमें 60 mm का अतिरिक्त नी रूम शामिल है। पीछे बैठने वाले पैसेंजर्स को इंटीग्रेटेड कपहोल्डर के साथ सेंटर आर्मरेस्ट और तीन-स्टेप रिक्लाइनिंग सीटबैक भी मिलता है।
यह वैरिएंट पोलर व्हाइट, डीप फॉरेस्ट ग्रीन और पर्ला नेरा ब्लैक शेड्स के साथ फॉव डार्क ब्राउन इंटीरियर अपहोल्स्ट्री में उपलब्ध है। एयरक्रॉस एक्स मैक्स टर्बो (5-सीटर) की कीमत मैनुअल ट्रांसमिशन के लिए 12.41 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है।
इसके साथ ही, सिट्रोन ने C3 लाइव (O) को एक वैल्यू-ओरिएंटेड वैरिएंट के तौर पर लॉन्च किया है। इसे हायर ट्रिम्स से नीचे रखा गया है। C3 लाइव (O) में दस से ज्यादा एक्स्ट्रा फीचर्स- जैसे लेदरेट सीटें, एंड्रॉइड ऑटो और एपल कारप्ले कनेक्टिविटी वाला 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, बिल्ट-इन स्पीकर, रियर-व्यू कैमरा, क्रोम-एक्सेंटेड फॉग लैंप, फुल व्हील कवर, क्रोम इंसर्ट के साथ बॉडी-साइड क्लैडिंग और व्हील-आर्च क्लैडिंग शामिल हैं।
यह नया वैरिएंट सिर्फ पर्ला नेरा ब्लैक में उपलब्ध है और इसकी एक्स-शोरूम कीमत 5.49 लाख रुपए है। एयरक्रॉस एक्स मैक्स टर्बो 5-सीटर और C3 लाइव (O) दोनों के लिए बुकिंग अब भारत भर में सिट्रोन डीलरशिप पर शुरू हो गई है, डिलीवरी बुकिंग ऑर्डर और उपलब्धता के आधार पर की जाएगी। यह फ्रेंच ब्रांड एक नई पहल के तहत काम करता है जिसके तहत चुनिंदा वैरिएंट सिर्फ कन्फर्म बुकिंग के आधार पर बनाए जाते हैं।

