सात दिवसीय महेश जयंती महोत्सव का शोभायात्रा एवं महाप्रसादी के साथ समापन

0
88

महाशिवाभिषेक में सपत्निक 251 शिवलिंग का किया सामूहिक अभिषेक

कोटा। सात दिवसीय महेश नवमी महोत्सव का बुधवार को शोभायात्रा एवं महाप्रसादी के साथ समापन हो गया। श्री माहेश्वरी समाज कोटा के तत्वावधान में आयोजित महेश नवमी पर भगवान शिव का सामूहिक रूद्र महाभिषेक झालावाड़ रोड स्थित श्री माहेश्वरी भवन में किया गया। सांय भव्य शोभायात्रा को उर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

शोभायात्रा ग्लोबल पब्लिक इंद्रा विहार से प्रारंभ होकर श्रीनाथपुरम स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल पहुंची, जहां विराट सभा परिवर्तित हो गई। सभा में समाज भामाशाह, प्रतिभाओं व खेलकूद प्रतिभागियों व प्रबुद्धजनो का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विधायक संदीप शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, महापौर राजीव अग्रवाल, पूर्व महापौर महेश विजय सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। अंत में हजारों माहेश्वरी बंधुओं ने एकसाथ महाप्रसादी ग्रहण की।

7 दिवसीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कोर कमेटी सदस्य समाज मंत्री बिट्ठल दास मूंदडा,मुख्य समन्वयक महेश अजमेरा, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र शारदा, उपाध्यक्ष नंद किशोर काल्या, सह मंत्री घनश्याम मूंदड़ा, सुरेश काबरा, प्रमोद कुमार भण्डारी, केजी माहेश्वरी, भगवान बिरला, ओम प्रकाश गट्टानी, रामचरण धूत, राजेश माहेश्वरी, अविनाश अजमेरा, बृजगोपाल भरडिया प्रीति राठी, सरिता मोहता, सत्यनारायण चाण्डक सहित कई माहेश्वरी समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही।

धर्म की गूंज और वैदिक मंत्रों का अनुष्ठान
महेश नवमी पर माहेश्वरी समाज ने एकजुट होकर सपत्निक महाशिवाभिषेक झालावाड़ रोड स्थित माहेश्वरी भवन पर विधि विधान से किया। इससे पूर्व श्री चारभुजा मंदिर सती चबूतरा पाटनपोल पर पूजन व अभिषेक किया गया। मुख्य समन्वयक महेश चंद अजमेरा ने बताया कि बताया कि राजेश कृष्ण बिरला अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा (पश्चिमांचल) के उपसभापति सपत्निक पूजन अर्चन मे शामिल हुए।

समन्वयक राजेश जाजू ने बताया कि श्री माहेश्वरी समाज ने 251 शिवलिंग का सामुहिक सपत्निक महाशिवाभिषेक 11 पंडितों द्वारा सामूहिक मंत्रोचारण से कराया गया। संस्कृत वेदशाला के बटुक भी महाअभिषेक में शामिल रहे। माहेश्वरी बंधुओ ने एकजुट होकर मंगलपाठ, शुद्धीकरण, स्वास्तिक पूजन, संकल्प, गणपति, देव व नवग्रह पूजन से महाअभिषेक प्रारंभ किया। इसके उपरान्त एक साथ महाआरती कर पूरे परिसर को भक्तिमय माहौल में परिवर्तित कर दिया। अंत सभी ने भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

शोभायात्रा में उमड़े माहेश्वरी बंधु
समन्वयक कृष्ण गोपाल जाखेटिया व प्रमोद कुमार भण्डारी ने बताया कि उर्जा मंत्री हीरालाल नागर के हरी झण्डी दिखाते ही हजारों माहेश्वरी बंधु एकजुट होकर भगवान भोले नाथ के जयकारे लगाते हुए भव्य शोभायात्रा में चल रहे थे। विधायक संदीप शर्मा, ओम माहेश्वरी, गोविंद माहेश्वरी एवं अशोक माहेश्वरी भी शोभायात्रा से जुड़े। सर्वप्रथम जय महेश की पताका लेकर समाजबंधु आगे चल रहे थे, जिनके पीछे घुड़सवार, शहनाई वादक आगे बढ़ते रहे। शोभायात्रा मार्ग में आगे भगवान शिव की सुंदर झांकी, राधाकृष्ण, शिव परिवार,भगवान हनुमान वानर टोली के साथ वृहद शिवलिंग शोभयात्रा में आकर्षण का केन्द्र रहा।

शोभायात्रा में जहां भी शिवलिंग निकलता वहां विधिवत पूजन भी लोग करते नजर आए, लोगो ने दूध व जल से शिव अभिषेक किया तो कई बिलपत्र,फल-फूल चढाते रहे। गोविंद माहेश्वरी ने भगवान शिव की रसधारा जैसे प्रारंभ की माहेश्वरी बंधु एक सुर में भगवान महेश के यशोगान गाते चलने लगे। नम:शिवाए ओम नम:शिवाए हर बोल नम: शिवाए,बम-बम शिव का डमरू बाजे रे.. मेरे सिर पर रख दो बाबा..मेरी लगी श्याम संग प्रीत, कीर्तन की है रात आदि भजनों ने शोभायात्रा मे गोविंद माहेश्वरी ने माहेश्वरी बंधुओं को बंधा रखा। गोविंद माहेश्वरी के भजनो की धुनों पर नाचते और महादेव के जयकारों के शोभायात्रा में बढते चले गए।

के जी जाखेटिया ने बताया कि शोभा यात्रा मे सभी माहेश्वरी बंधु पारम्परिक परिवेश पुरुष वर्ग- सफेद कुर्ता-पायजामा तथा महिला वर्ग केसरिया / पीली साडी पहनकर कर सम्मिलित हुई।शोभायात्रा मार्ग में 51 स्वागत गेट बनाए गए और विभिन्न समाजों एवं व्यापार संघों ने शोभायात्रा का स्वागत फूलों से किया। अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला को विभिन्न समाजों के अध्यक्षों ने माला पहनाई।

मंत्री ​हीरालाल नागर ने की पुष्पा वर्षा
मंत्री हीरालाल नागर के निवास पर शोभायात्रा के पहुचते ही स्वंय मंत्री हीरालाल नागर ने गुलाब के फुलों को हाथ में लेकर शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की और उनका स्वागत किया। माहेश्वरी सामज के महिला व पुरूषो का मं​त्री नागर ने स्वागत किया और जय महेश के जयकारों के साथ काफिला आगे बढ गया।

एकता का परिचायक है महेश नवमी पर्व
समन्वयक हरिकृष्ण बिरला व अनिल डागा ने बताया कि श्रीनाथपुरम स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल में सम्मान समारोह मुख्य अतिथि उर्जा मंत्री हीरालाल नागर एवं अतिथियों ने समाज के 251 श्रेष्ठी, प्रतिभाओं एवं भामाशाहों को मंच पर सम्मानित किया। मंत्री नागर ने महेश नवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पर्व का महत्व एकता और विश्वास को प्रकट करने में है। माहेश्वरी समाज के लोग देश विदेश में नाम कमा रहे है। सेवा समर्पण और त्याग माहेश्वरी समाज का चरित्र है। यह पर्व सामाजिक और धार्मिक एकता को प्रोत्साहित करता है और लोगों को एकजुट होने के लिए प्रेरित करता है। इसके अलावा यह पर्व धार्मिक उत्सव के रूप में लोगों को भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा और विश्वास अभिव्यक्ति करने का एक अवसर प्रदान करता है।

त्याग और सदाचार का संकल्प: राजेश कृष्ण बिरला
अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के पश्चिमांचल के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला ने इस अवसर पर कहा कि महेश नवमी का पर्व समाज में सद्भाव, शांति और एकता के बंधन को मजबूत करने की राह दिखाता है। यह पर्व हमें भगवान शिव के विराट व्यक्तित्व का अनुसरण करने की सीख देता है। श्री माहेश्वरी समाज सदैव जनसेवा की मिसाल पेश करता है।