कोटा/ बपावर/ मोई कलां। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर गुरुवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान मोई कलां में ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। क्षेत्र में भोजपुरा चावड माताजी से मोई कलां के लिए 3 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए एक करोड रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए ऊर्जा मंत्री नागर का अभिनंदन किया। मंत्री नागर ने मोई में नवीन पेट्रोल पंप का शुभारंभ भी किया।
इस दौरान मंत्री नागर ने कहा कि सड़क गांव को शहरों से जोड़ती है। जो हमारी जीवन रेखा है। राजस्थान सरकार गांव-गांव में सड़कें बनाकर ग्रामीण जीवन को आसान बनाने का काम कर रही है। गांवों में सड़कें बनेंगी तो शिक्षा चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं रोजगार करने के लिए गांव का नवयुवक कुछ मिनट में शहर पहुंच सकेगा।
उन्होंने कहा कि मुंबई दिल्ली नेशनल हाईवे निकल रहा है। रेलवे और हवाई सेवा का जाल भी बढ़ा है। ऐसे में परिवहन एवं आवागमन के लिए साधन सुलभ हुए हैं। इसके साथ ही किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में लगने वाले समय में भी कमी आई है। अब फल सब्जियां भी बिना खराब हुए कुछ ही समय में मंडियों तक पहुंचाई जा सकते हैं।
दांता और लबानिया में बनेंगे पशु चिकित्सालय
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की अनुशंसा पर सांगोद विधानसभा क्षैत्र में दो पशु चिकित्सालय निर्माण की स्वीकृति जारी हुई है। ऊर्जा मंत्री के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा क्षैत्र के दांता और लबाणिया में पशु चिकित्सालय का निर्माण किया जाएगा। जिसके तहत् प्रत्येक चिकित्सालय निर्माण के लिए 46.5 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई है।

