कोलकाता। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारत की मज़बूत और जीवंत लोकतांत्रिक व्यवस्था से आकर्षित होकर दुनिया भारत में निवेश के लिए उत्सुक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स की 125वीं वर्षगांठ समारोह में बोलते हुए कहा कि यह संस्था उद्योग जगत के लिए प्रेरणा का स्रोत रही है। बिरला ने इसके लोकहित के प्रति समर्पण और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) में उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक और सामाजिक प्रगति देश के उद्योग जगत की दूरदृष्टि, दृढ़ता और उद्यमशीलता की भावना का परिणाम है।
दूरदर्शी नेतृत्व, स्थिरता और समावेशिता ने भारत को विश्व के लिए एक आदर्श लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया है। भारत में लोकतंत्र केवल शासन प्रणाली नहीं, बल्कि जीवन का एक तरीका है। सशक्त लोकतांत्रिक संस्थाएँ नीति निरंतरता सुनिश्चित करती हैं और निवेशकों के विश्वास को सुदृढ़ करती हैं, जो दीर्घकालिक विकास के लिए आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक है। वे युवाओं और उद्यमियों के नवाचार और सृजनात्मकता से भारत का भविष्य नई ऊर्जा और दृष्टि के साथ आकार ले रहा है।

