सर्व ब्राह्मण समाज के अन्नकूट में आज हाड़ौती का ब्राह्मण समाज दिखाएगा एकता

0
6

कोटा। ब्राह्मण एकता को स्वर देने हाड़ौती सर्व ब्राह्मण समाज अन्नकूट महोत्सव समिति कोटा के तत्वावधान में दूसरी बार कोटा शहर में विशाल अन्नकूट महोत्सव का आयोजन रविवार को होगा।

समिति अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक भगवती शर्मा ने बताया कि सीएडी ग्राउंड, आयकर विभाग कॉलोनी के पास, दादाबाड़ी रोड पर भव्य द्वितीय विशाल अन्नकूट महोत्सव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। लगभग 90,000 वर्ग फीट क्षेत्रफल में 300×300 का विशाल पंडाल तैयार है। मंच का आकार 120×22 फीट का तैयार कर दिया गया है।

समिति अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक भगवती शर्मा ने बताया कि समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। साथ ही रेडक्रॉस के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला का सान्निध्य एवं लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

कार्यक्रम साधु व संतो का सानिध्य भी प्राप्त होगा।कार्यक्रम के दौरान हाड़ौती क्षेत्र में शिक्षा, खेल, चिकित्सा एवं प्रशासनिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

दिल्ली के चिराग ग्रुप द्वारा महारास, भगवान परशुराम, हनुमान जी, माताजी, राधा-कृष्ण की झांकियां और नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी। भजनों के माध्यम से भक्तिमय वातावरण बनाया जाएगा।

कार्यक्रम का प्रारंभ गणेश पूजन से होगा,सांय 4 बजे गणेश वंदना व गणेश पूजन से विधिवत कार्यक्रम का आगाज किया जाएगा। सायं 6.00 करबद्ध होकर सामूहिक रुप से आराध्य देव भगवान परशुराम की स्तुति करेंगे और परशुराम चालीसा का पाठ करेंगे। इसके बाद 108 दीपों से भगवान परशुराम की आरती में सभी ब्राह्मण बंधु शामिल होगे। फिर अन्नकूट महोत्सव का प्रसाद वितरण किया जाएगा।