नई दिल्ली। ईरान युद्ध के कारण देश मे डीजल और पेट्रोल की दिक्कत शुरू हो गई है। साथ ही कच्चे तेल की कीमत भी प्रति बैरल 100 डॉलर से ज्यादा है। इस बीच सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने का बड़ा फैसला लिया है।
सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर की एक्साइज ड्यूटी कम की है। नए आदेश के बाद अब पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये प्रति लीटर से घटकर 3 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल पर कोई एक्साइज ड्यूटी नहीं लगेगी। डीजल पर लगने वाली 10 रुपये की ड्यूटी को पूरी तरह खत्म कर शून्य कर दिया गया है।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें नीचे आना शुरू हुई हैं। पश्चिम एशिया के संघर्ष को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सकारात्मक बयानों ने बाजार की चिंताएं कम की हैं।
शुक्रवार को सुबह 9 बजे ब्रेंट क्रूड 1 फीसदी से ज्यादा गिरकर करीब 107 रुपये प्रति बैरल पर था। वहीं अमेरिकी तेल (WTI) में भी करीब 1 फीसदी की गिरावट आई है। इस गिरावट के साथ यह 93.60 रुपये प्रति बैरल पर है।
क्या पेट्रोल-डीजल सस्ते होंगे
सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने के बाद अब बड़ा सवाल है कि क्या दोनों ईंधन की कीमत भी कम होगी? दरअसल आम उपभोक्ताओं के लिए यह खबर उतनी राहत भरी नहीं हो सकती जितनी दिख रही है। सूत्रों के मुताबिक, पंप पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी आने की संभावना कम है।
क्यों नहीं कम होंगे दाम
- इसका मुख्य कारण तेल विपणन कंपनियों को हो रहा भारी घाटा है। वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चली गई हैं।
- इस कारण भारतीय तेल कंपनियां हर लीटर पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर करीब 48.8 रुपये का नुकसान उठा रही हैं।
- सरकार की ओर से दी गई 10 रुपये की यह राहत कंपनियां अपने घाटे को कम करने के लिए इस्तेमाल करेंगी। इसका सीधा मतलब है कि ग्राहकों को सीधे तौर पर कीमतों में कटौती का लाभ मिलना मुश्किल है।
निर्यात वाला डीजल ₹ 21.5 प्रति लीटर महंगा
ईरान-इजरायल युद्ध की स्थिति का फायदा कुछ अंतरराष्ट्रीय कारोबारी उठा रहे हैं। वे भारत से सस्ता डीजल और हवाई जहाज का ईंधन यानी एटीएफ (ATF) मंगवा कर मुनाफा कूट रहे हैं। इसे देखते हुए सरकार ने भारत से निर्यात होने वाले हर लीटर डीजल पर 2.15 रुपये और हर लीटर एटीएफ पर 29.5 रुपये की एक्सपोर्ट ड्यूटी लगा दी है।

