कोटा। क्रिकेट को सनातन मूल्यों, अनुशासन और देशभक्ति से जोड़ने वाली अनोखी सनातन प्रीमियर लीग का सीजन-1 मार्च माह में इंदौर में धूम मचाएगा। जयपुर के श्रीबालाजी क्रिकेट एकेडमी में निःशुल्क ट्रायल की शुरुआत हो चुकी है, जहां बड़ी संख्या में 15-40 वर्ष के युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का जोरदार प्रदर्शन किया।
संस्थापक विजय शर्मा, सह-संस्थापक देव जोशी व आनंद मिश्रा के नेतृत्व में सनातन क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित यह लीग देश के प्रमुख शहरों में ट्रायल आयोजित करेगी। चयनित खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण शिविरों में तैयार किया जाएगा। उसके बाद 12 से 15 मार्च तक इंदौर में होने वाले मुख्य टूर्नामेंट में वे मैदान संभालेंगे।
मैच प्रमुख स्पोर्ट्स चैनलों और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर लाइव प्रसारित होंगे, जिससे जमीनी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिलेगा। आयोजकों का उद्देश्य क्रिकेट से जुड़े युवाओं को सही दिशा देना है, जो अक्सर जीवन मूल्यों से भटक जाते हैं।
खेल को संस्कृति व सामाजिक जिम्मेदारी का माध्यम बनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना लक्ष्य है। लीग को जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती, देवकीनंदन ठाकुर महाराज, पंडित प्रदीप मिश्रा, चिन्मयानंद बापू, इंद्रेश उपाध्याय व अनिरुद्धाचार्य जैसे संतों का मार्गदर्शन व आशीर्वाद प्राप्त है।
जयपुर ट्रायल में चयनकर्ता विलास जोशी, कुलदीप सिंह, सिद्धार्थ जोशी, विवेक यादव, दुष्यंत त्यागी, अमरदीप कुमार, राहुल राणा व प्रणय शर्मा उपस्थित रहे। कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने कहा, “यह लीग युवाओं में अनुशासन, सेवा भाव व सांस्कृतिक संस्कार विकसित करेगी। आय से बेटियों की शिक्षा-विवाह, आपदा राहत व सामाजिक कल्याण को बढ़ावा मिलेगा।
विजेता टीम को 31 लाख रुपये, उपविजेता को 15 लाख; शानदार प्रदर्शन वाले खिलाड़ियों को कार, बाइक व नकद पुरस्कार मिलेंगे। लीग की आय से प्राकृतिक आपदाओं में सहायता, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, एसिड अटैक पीड़ितों का पुनर्वास, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों व वंचित बेटियों को सहयोग जैसे नेक कार्य होंगे।

