विजयश्री रंगमंच पर दिखी ऑपरेशन सिंदूर की झलक, दिखा भारतीय सेना का शौर्य

0
13

लेजर की रंग बिरंगी लाइट से मिला रामायण का दिव्य अनुभव, उकेरे मनोहारी दृश्य

कोटा। 132वें राष्ट्रीय दशहरा मेला- 2025 में शनिवार से विजयश्री रंगमंच पर लाइट, साउंड और लेजर का अद्भुद शो शुरु हुआ। जिसमें पहले दिन ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सैनिकों की शौर्य गाथा के साथ ही रामायण और श्रीकृष्ण लीला के दृश्यों को लेजर के माध्यम से जीवन्त किया गया।

गॉज स्क्रीन शो के लिए एक बड़ा कैनवास बनाया गया था। लेजर एनीमेशन की कहानी और बीम शो हुआ। पूरे शो को एक नाटक का रुप दिया गया था। इस दौरान म्यूजिक और साउंड के साथ लाइट का अदभुद संयोजन दिव्य अनुभूति दे रहा था।

शुरुआत गीता के श्लोक “यदा यदा हि धर्मस्य, ग्लानिर्भवती भारतः .” से हुई। इसके बाद “जय हो..” गीत पर भारतीय सेना के पराक्रम को दर्शाया गया तो वन्देमातरम् के जयकारे गूंज उठे। शो के दौरान लेजर एनिमेशन के माध्यम से राम रावण के अलावा भारत पाकिस्तान युद्व के दृश्य को भी जीवन्त किया गया।

लेजर एनीमेशन के जरिए भगवान राम के जन्म के बाद वनवास, राक्षस वध से लेकर रावण के संहार तक श्री राम के जीवन के विभिन्न पहलुओं को दर्शाया गया। राम राज्य की स्थापना के दृश्य पर परिसर श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।पर्दे पर पड़ती लेजर की किरणों का ऐसा जीवंत संगम हुआ कि एक से एक बिंदु जब जुड़े तो कभी भगवान राम तो कभी मां सीता की रंगबिरंगी तस्वीरें बनती चली गईं।

एक के बाद एक तस्वीरें रामायण से जुड़े प्रसंगों को दर्शाती चली गईं। इस शो में राम की महिमा का विशेष ध्वनि और लाइट के द्वारा संगीतमयी दर्शन हुआ। संगीत की मधुर ध्वनियों और लेजर के मनोहारी दृश्य के साथ रामायण की अलौकिक अनुभूति से दर्शकों का मन भाव विभोर हो उठा।

मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि 12 और 13 अक्टूबर को भी विजयश्री रंगमंच पर शाम 7 बजे लेजर, साउंड एंड लाइट शो का आयोजन किया जाएगा।