लेक्सस IS500 क्लाइमेक्स एडिशन जापान में लॉन्च, सिर्फ 500 यूनिट बिकेंगी

0
18

नई दिल्ली। इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के दौर में जहां कंपनियां एक-एक कर अपने पेट्रोल-डीजल इंजनों को अलविदा कह रही हैं, वहीं, लेक्सस (Lexus) ने अपनी शानदार V8 इंजनों की विरासत को अलविदा कहने का एक खास और यादगार तरीका चुना है।

जापान में लेक्सस IS500 क्लाइमेक्स एडिशन (Lexus IS500 Climax Edition) को लॉन्च किया गया है, जो कि ब्रांड की आखिरी V8 सेडान मानी जा रही है। इसकी सिर्फ 500 यूनिट्स ही बनाई जाएंगी और इसकी कीमत ¥9,500,000 (लगभग 51.2 लाख) है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

डिजाइन
IS500 क्लाइमेक्स एडिशन की सबसे पहली झलक ही बता देती है कि यह कोई आम सेडान नहीं है। इसमें खास Neutrino Grey पेंट दिया गया है, जो मेटैलिक फ्लेक्स के साथ स्पोर्टी और स्टाइलिश लुक देता है। इसके अलावा इसमें 19-इंच के फोर्ज्ड BBS मैट ब्लैक अलॉय व्हील्स लगाए गए हैं, जो हल्के होने के साथ-साथ बेहद मजबूत हैं।

स्पोर्ट्स और लग्जरी का परफेक्ट मेल
केबिन में रेड और ब्लैक ड्यूल-टोन थीम का इस्तेमाल किया गया है। सीट्स, डोर ट्रिम और सेंटर कंसोल पर Ultrasuede और L-tex फॉक्स लेदर का उपयोग किया गया है। रेड सीटबेल्ट और रेड अल्ट्रास्वेड ट्रिम क्लाइमैक्स एडिशन को स्पोर्टी फील देते हैं। स्टीयरिंग व्हील और गियर नॉब पर टेक्सचर्ड लेदर का इस्तेमाल लेक्सस की प्रीमियम क्वॉलिटी की याद दिलाता है। इस खास एडिशन में क्लाइमैक्स-एक्सक्लूसिव स्टार्टअप ग्राफिक्स, लेजर-etched एनालॉग क्लॉक और ब्रांडेड डोर सिल्स भी दिए गए हैं, जो इसे और ज्यादा एक्सक्लूसिव बनाते हैं।

पावर और परफॉर्मेंस
इसमें वही V8 इंजन मिलता है। इस सेडान में वही पावरफुल 5.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड V8 इंजन दिया गया है, जो 472 bhp की पावर देता है। हालांकि, इंजन सेटअप वही है, लेकिन अब इसमें Brembo के हाई-स्पेक ब्रेक्स दिए गए हैं। इसमें 6-पिस्टन रेड कैलिपर्स और 380mm के ‘पिलर फिन’ रोटर्स हैं, जो पहले के 356mm रोटर्स से बड़े हैं। इससे ब्रेकिंग परफॉर्मेंस और भी बेहतर हो गई है।

ड्राइविंग एक्सपीरियंस
हालांकि, नाम क्लाइमेक्स (Climax) कुछ अलग सोचने पर मजबूर करता है, लेकिन लेक्सस का मकसद इस एडिशन के जरिए परफॉर्मेंस और रिफाइनमेंट का शिखर छूना है। वही 8.0-इंच TFT डिजिटल क्लस्टर अब स्पेशल ग्राफिक्स के साथ आता है, जो इसे और भी खास बनाता है।

क्या यह भारत आएगा?
अभी तक यह केवल जापान के लिए घोषित किया गया है और भारत में इसकी लॉन्चिंग की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। लेकिन, ऑटोमोबाइल प्रेमियों और कलेक्टर्स के लिए यह एक बेहद खास मॉडल है, जो Lexus की V8 विरासत का आखिरी अध्याय हो सकता है।

पेट्रोल पावर को आखिरी सलाम
लेक्सस IS500 क्लाइमेक्स एडिशन (Lexus IS500 Climax Edition) उन लोगों के लिए है, जो अब भी रेसिंग हार्ट और गरजते इंजन की आवाज के दीवाने हैं। इलेक्ट्रिक गाड़ियों की ओर बढ़ते इस दौर में यह V8 सेडान पावर, परफॉर्मेंस और प्रीमियम एक्सपीरियंस का एक फेयरवेल पैकेज है।