कोटा। रोटरी क्लब कोटा द्वारा रोड नंबर 1 स्थित उत्सव वाटिका’ में ‘होली हंगामा’ (होली मिलन समारोह) का भव्य आयोजन किया गया। इस उत्सव में परंपरा, मनोरंजन और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। जहाँ 600 से अधिक सदस्यों ने सपरिवार सहभागिता की।
कार्यक्रम का आगाज आधुनिक जीवनशैली पर कटाक्ष करती एक हास्य नाटिका से हुआ। मोबाइल रील के बढ़ते चलन पर आधारित इस प्रस्तुति ने दर्शकों को लोटपोट कर दिया। इसके पश्चात, लंगा ग्रुप के कलाकारों ने पारंपरिक राजस्थानी गीतों की ऐसी तान छेड़ी कि पूरा पांडाल झूम उठा। लोक गीतों की मधुर धुन पर सदस्यों ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा कर प्रेम और सद्भाव की ‘फूलों वाली होली’ खेली।
इस वर्ष होली का आनंद तब दोगुना हो गया जब कार्यक्रम स्थल पर लगी बड़ी स्क्रीन पर सदस्यों ने T20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच लाइव देखा। जैसे ही भारत ने जीत दर्ज की। पूरा वाटिका परिसर ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में क्लब द्वारा सामूहिक उत्सव मनाते हुए शानदार आतिशबाजी की गई।
क्लब अध्यक्ष मनोज सोनी और सचिव नीरज अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व प्रांतपाल प्रद्युमन पाटनी, प्रांतपाल प्रज्ञा मेहता सहित कई वरिष्ठ सदस्यों और पदाधिकारियों ने शिरकत की। प्रोजेक्ट चेयरमैन अभिषेक मित्तल और उनकी टीम ने आयोजन की व्यवस्थाओं में अतुलनीय सहयोग दिया।

