रोडवेज की निःशुल्क परीक्षा यात्रा योजना घोटाले में 7 आरोपी और गिरफ्तार

0
2

जयपुर। Free exam travel scam: राजस्थान रोडवेज की निःशुल्क परीक्षा यात्रा योजना में गड़बड़ी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन राइड के तहत पुलिस ने दूसरे चरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी झालावाड़ सहित प्रदेश के अन्य जिलों में सक्रिय थे और परीक्षा यात्रियों को मिलने वाली किराया छूट में फर्जीवाड़ा कर रहे थे।

जांच में सामने आया है कि परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए टोंक के परीक्षा केंद्र पर पहुंचा लेकिन रोडवेज परिचालकों द्वारा उसके एडमिट कार्ड का उपयोग झालावाड़ या कोटा जिले में किया गया। जबकि नियमानुसार जिस जिले में परीक्षा केंद्र होता है, उसी जिले में एडमिट कार्ड रोडवेज में जमा कराया जाना चाहिए। इस फर्जीवाड़े से रोडवेज को राजस्व का भारी नुकसान हुआ।

एसपी अमित कुमार ने बताया कि रोडवेज बसों में परीक्षा अभ्यर्थियों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पहले पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि कुछ बस सारथी और परिचालक अपने तय टारगेट पूरे करने के लिए परीक्षा अवधि के दौरान 50 से 75 प्रतिशत यात्रियों से निःशुल्क योजना के बावजूद किराया वसूल रहे थे।

इस पूरे मामले में रोडवेज परिचालक, सिविल डिफेंस कर्मी (संविदा चालक) और बस सारथी की आपसी मिलीभगत सामने आई है। झालावाड़ में पहले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जो गिरोह बनाकर रोडवेज को राजस्व का नुकसान पहुंचा रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि परीक्षा देने आए यात्रियों को धमकाकर और गुमराह कर उनसे पैसे वसूले जा रहे थे।

पुलिस ने जोधपुर, अजमेर, कोटा और झालावाड़ से ऐसे 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड का फर्जी तकनीकी तरीके से उपयोग कर रोडवेज को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे थे। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड और अन्य अहम सबूत भी बरामद किए गए हैं।

झालावाड़ पुलिस ने दो दिन पहले भी रोडवेज में फ्लाइंग की सूचनाएं देने, परिचालकों को डराने-धमकाने और विभिन्न तरीकों से राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ में इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसके बाद दूसरे चरण में यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।