कोटा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से रोटरी पद्मिनी क्लब द्वारा अरानखेड़ा गांव में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र में 50 महिलाओं ने सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए पंजीकरण कराया है।
अध्यक्ष नीता मित्तल ने बताया कि इस प्रशिक्षण केंद्र में महिलाओं को सिलाई की प्रारंभिक जानकारी से लेकर परिधान तैयार करने की संपूर्ण विधि सिखाई जाएगी। केन्द्र को 10 मशीनों से प्रारंभ किया गया है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद महिलाएं अपने घर से ही सिलाई का कार्य कर सकेंगी, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
साथ ही, जो महिलाएं प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद भी अभ्यास करना चाहेंगी, वे इस केंद्र पर आकर कार्य कर सकती हैं और अपनी आय अर्जित कर सकती हैं। प्रशिक्षित महिलाओ के लिए पद्मिनी स्वचालित मशीनें भी उपलब्ध करवाएगी।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष नीता मित्तल ने कहा, उनका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है। यह केंद्र न केवल उनके कौशल को निखारेगा, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगा।
सचिव गुरप्रीत आनन्द ने बताया ने कहा कि रोटरी पद्मिनी क्लब के इस प्रयास से गांव की महिलाओं को एक नई दिशा मिलेगी और वे आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन सकेंगी। इस पहल को सफल बनाने में समाजसेवी दिनेश मलिक का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।

