रोटरी क्लब कोटा ने शिक्षा सहयोग कार्यक्रम के तहत जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग दिए

0
9

कोटा। रोटरी क्लब कोटा द्वारा सामाजिक सरोकारों की कड़ी में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘शिक्षा सहयोग कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत क्लब द्वारा संचालित रोटरी ग्रामीण दल, आंवा एवं पिसाहेड़ा के राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को कुल 228 स्कूल बैग्स वितरित किए गए। नए और रंग-बिरंगे बैग पाकर स्कूली बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

​क्लब अध्यक्ष मनोज सोनी ने बताया कि क्लब का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को सुधारना और बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसी विजन के साथ आंवा एवं पिसाहेड़ा के राजकीय विद्यालयों का चयन किया गया। जहाँ बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह वितरण किया गया।

क्लब सचिव नीरज अग्रवाल ने बताया कि ये बैग्स राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आंवा एवं पिसाहेड़ा के कक्षा 1 से 8 तक के उन जरूरतमंद बच्चों को दिए गए हैं। जिन्हें वास्तव में इसकी आवश्यकता थी। इस छोटे से सहयोग ने बच्चों के उत्साह को दोगुना कर दिया है।

​क्लब कोषाध्यक्ष उमेश गोयल ने कार्यक्रम की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए कहा कि यह गतिविधि रोटरी इंटरनेशनल के ‘हैप्पी स्कूल प्रोजेक्ट’ एवं ‘चाइल्ड डेवलपमेंट’ अभियान के तहत आयोजित की गई है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि रोटरी क्लब भविष्य में भी साक्षरता को बढ़ावा देने और विद्यालयों में बेहतर वातावरण तैयार करने के लिए इस तरह के अनेक जनहितैषी कार्यक्रम जारी रखेगा।

​क्लब प्रवक्ता संजय गोयल के अनुसार, इस वितरण समारोह को सफल बनाने में कार्यक्रम समन्वयक दिनेश राठी (अध्यक्ष, आरसीसी आंवा) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने रोटरी क्लब कोटा के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के प्रति एक सराहनीय कदम बताया।