नई दिल्ली। रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) ने अपने नए EV सब-ब्रांड के तहत अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल फ्लाइंग फ्ली C6 को लॉन्च कर दिया है। इस लॉन्च के साथ कंपनी ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट भी कदम रख दिया है। इस ई-मोटरसाइकिल की एक्स-शोरूम कीमत 2.79 लाख रुपए है।
वहीं, ‘बैटरी-एज-ए-सर्विस’ मॉडल के चलते इसकी कीमत 1.99 लाख रुपए है। इसकी बुकिंग और टेस्ट राइड 10 अप्रैल से बेंगलुरु के जयनगर में स्थित पहले डेडिकेटेड फ्लाइंग फ्ली शोरूम में शुरू होंगी। वहीं, डिलीवरी मई के आखिर तक शुरू हो सकती है।
फ्लाइंग फ्ली नाम 1940 के दशक में इस्तेमाल होने वाली ओरिजिनल हल्की मोटरसाइकिल की याद दिलाता है। नई C6 भी उसी सोच को आगे बढ़ाती है। यह नियो-विंटेज डिजाइन को कनेक्टेड टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ती है और इसे डेली इस्तेमाल होने वाली मोटरसाइकिल के तौर पर पेश करती है। C6 के मुख्य हिस्से में 3.91 kWh का लियॉन बैटरी पैक लगा है, जिसमें एयर-कूल्ड सेटअप दिया गया है।
फुल चार्ज पर 154Km की रेंज
इसे इस सेगमेंट में पहली बार इस्तेमाल की गई मैग्नीशियम एलॉय केसिंग में रखा गया है। यह यूनिट एक परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर से जुड़ी है, जो लगभग 20.6 hp की पावर और 60 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। पावर दो-स्टेज बेल्ट ड्राइव सिस्टम के जरिए पहुंचाई जाती है, जबकि मोटर को कंट्रोल यूनिट के साथ इंटीग्रेट किया गया है। फ्लाइंग फ्ली C6 की टॉप स्पीड 115 kmph तक पहुंच सकती है। यह सिर्फ 3.7 सेकंड में 0 से 60 kmph की स्पीड पकड़ लेती है। एक बार फुल चार्ज होने पर इसकी IDC रेंज 154 km है।
2.16 घंटे में फुल चार्ज
ये बैटरी लगभग 2 घंटे 16 मिनट में 0 से 100% तक चार्ज हो सकती है, जबकि 20 से 80% तक टॉप-अप होने में लगभग 65 मिनट लगते हैं। यह सिस्टम कई चार्जिंग मोड को सपोर्ट करता है, जिनमें रैपिड, स्टैंडर्ड और ट्रिकल चार्जिंग शामिल हैं। इसे ऑनबोर्ड चार्जर के साथ किसी भी यूनिवर्सल वॉल आउटलेट में प्लग किया जा सकता है।
वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट
इसके फीचर्स की बात करें तो 3.5-इंच का कलर TFT टचस्क्रीन डिस्प्ले, USB-C चार्जिंग, वायरलेस फोन चार्जिंग और एक इलेक्ट्रॉनिक हैंडलबार लॉक शामिल हैं। इसे स्टॉर्म ब्लैक और फ्ली ग्रीन कलर्स में खरीद पाएंगे। फ्लाइंग फ्ली C6 को अलग-अलग शहरों में अलग-अलग फेज में लॉन्च किया जाएगा। फ्यूचर में इस में कई अन्य वैरिएंट भी जोड़े जा सकते हैं।
19-इंच के ट्यूबलेस टायर्स
हार्डवेयर की बात करें तो इस मोटरसाइकिल में अपनी कैटेगरी का पहला अनोखा गर्डर लिंकेज फ्रंट सस्पेंशन है, जिसमें हाइड्रोलिक ट्विन सेटअप के साथ-साथ प्रीलोड एडजस्टमेंट वाली रियर मोनोशॉक यूनिट भी है। सस्पेंशन ट्रैवल आगे की तरफ 100 mm और पीछे की तरफ 110 mm है। इसमें दोनों तरफ 19-इंच के ट्यूबलेस टायर और काले अलॉय व्हील लगे हैं।
डिस्क ब्रेक और डुअल-चैनल ABS
ब्रेकिंग के लिए 260 mm की फ्रंट डिस्क और 220 mm की रियर डिस्क दिया है। इनके साथ डुअल-चैनल ABS भी है। जिसमें तीन सेंसिटिविटी लेवल और स्विच करने लायक रियर ABS की सुविधा है। इसमें लीन-एंगल सेंसिटिव ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल के अलावा, राइडिंग के दौरान या क्रैश होने की स्थिति में ज्यादा सेफ्टी के लिए टिप-ओवर अलर्ट सिस्टम और लोकेशन शेयरिंग फीचर भी दिया है।
207mm का ग्राउंड क्लीयरेंस
इस मोटरसाइकिल की लंबाई 2,089 mm, चौड़ाई 831 mm और ऊंचाई 1,122 mm है। इसकी सीट की ऊंचाई 823 mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 207 mm है। इसका कर्ब वेट 124 kg है। ये 160 kg तक का वजन उठा सकती है। इसमें हल्के एल्युमीनियम फ्रेम का इस्तेमाल किया गया है जिसमें कोई वेल्डिंग नहीं है, क्योंकि इसमें बोल्ट-ऑन पार्ट्स लगे हैं जिनसे इसे अपनी पसंद के हिसाब से ज्यादा कस्टमाइज किया जा सकता है।

