नई दिल्ली। RBI MPC 2026: रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने बुधवार को अपनी मौद्रिक नीति का ऐलान करते हुए वित्त वर्ष 2026-27 के लिए जीडीपी ग्रोथ रेट 6.9 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। गवर्नर के मुताबिक, 2025-26 में यह दर 7.6 प्रतिशत रहने का अनुमान है, यानी नए वित्त वर्ष में ग्रोथ थोड़ी नरम रह सकती है।
तिमाही आधार पर ग्रोथ का अनुमान
केंद्रीय बैंक के अनुसार FY27 में ग्रोथ का ट्रेंड धीरे-धीरे मजबूत होगा
- Q1 में 6.8 प्रतिशत
- Q2 में 6.7 प्रतिशत
- Q3 में 7 प्रतिशत
- Q4 में 7.2 प्रतिशत
महंगाई का अनुमान 4.6%
RBI ने पूरे वित्त वर्ष 2026-27 के लिए महंगाई दर 4.6 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है। गवर्नर ने कहा कि फिलहाल महंगाई नियंत्रण में है और लक्ष्य के आसपास बनी हुई है, लेकिन आगे जोखिम बढ़े हैं।
तिमाही आधार पर महंगाई का अनुमान
- Q1 में 4 प्रतिशत
- Q2 में 4.4 प्रतिशत
- Q3 में 5.2 प्रतिशत
- Q4 में 4.7 प्रतिशत
महंगाई पर बढ़ते जोखिम
- RBI गवर्नर ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, ऊर्जा लागत का दबाव और मौसम से जुड़े जोखिम खाद्य कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं। इससे महंगाई पर दबाव बढ़ सकता है।
- मौद्रिक नीति के तहत RBI ने अपना रुख ‘न्यूट्रल’ रखा है। यानी आगे जरूरत के हिसाब से ब्याज दरों में बदलाव की गुंजाइश बनी रहेगी।
- गौरतलब है कि फरवरी 2025 से अब तक RBI कुल 125 बेसिस प्वाइंट की कटौती कर चुका है। इस बार भी बाजार की उम्मीदों के अनुरूप दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया।
अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत
RBI का कहना है कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत बनी हुई है और आगे भी आर्थिक गतिविधियों में स्थिरता बनी रहने की उम्मीद है।

