रामनवमी पर आज निकलेगी भव्य शोभायात्रा, परंपरा के साथ होगा ‘राम-भरत मिलाप’

0
11

कोटा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ के पावन अवसर पर शुक्रवार को शहर में एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। सार्वजनिक मंदिर श्री रघुनाथ जी व शीतला माता, रामपुरा की कार्यक्रम प्रबंधक समिति द्वारा आयोजित यह महोत्सव पिछले 65 वर्षों से अनवरत रूप से श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

​आयोजनकर्ता लेखराज गौतम, भगवान लड्डा और विष्णु गोयल ने बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ सायं 5 बजे नयापुरा स्थित गोपाल निवास बाग के हनुमान मंदिर से होगा।

शोभायात्रा में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के साथ हनुमान जी विशेष बग्घियों में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ यह शोभायात्रा खाई रोड और लाडपुरा होते हुए रघुनाथ चौक, रामपुरा बाजार पहुंचेगी।

​आयोजन का मुख्य आकर्षण रामपुरा में होने वाला ऐतिहासिक ‘राम-भरत मिलाप’ होगा। जहाँ दोनों भाइयों के पुनर्मिलन के दृश्य को जीवंत किया जाएगा। इसके पश्चात रघुनाथ चौक में भव्य महाआरती का आयोजन होगा और उपस्थित जनसमूह के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।