कोटा। राष्ट्रीय मेला दशहरा 2025 के फेज टू में बने किसान रंगमंच पर शनिवार को उन्नत कृषि की जानकारी दी गई। वहीं कलाकारों ने राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुतियों से मंच सजा दिया। इससे पहले शुरुआत किसान रंगमंच प्रभारी मोतीलाल चौधरी के साथ भारतीय जनता पार्टी मंडल प्रतिनिधि महेंद्र गर्ग, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश शर्मा, हनुमान बिश्नोई ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान सहायक निदेशक कृषि (मुख्यालय) राजवीर सिंह ने किसानों को कृषि संबंधी जानकारी दी। उन्होंने उन्नत खेती के आधुनिक तौर-तरीकों की जानकारी दी। किसानों को जैविक खाद के उपयोग, मृदा परीक्षण, कीट एवं रोग नियंत्रण के साथ-साथ कृषि से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस दौरान कार्यक्रम की शुरुआत सावन कुमार ने गणेश वंदना के साथ की। इसके बाद नीतू सिंह ने क्रेजी किया रे…/ पप्पू राजस्थानी और अनुष्का ने जीजा जोगणिया जलेबी भरी रसिया.. गीत पर नृत्य किया। जूनियर गोविंदा सूरज और रिया ने “मुझको हाई-फाई लुगाई चाहिए../ मुस्कान ने खुला है मेरा पिंजरा../ पल्लू गिरा दिया../ रिचा ने आज की रात.. / अनुष्का ने पल्लो लटके../ कयामत कयामत../ मुस्कान ने अंगूरी बदन.. गीतों पर नृत्य की प्रस्तुति दी। पप्पू ने राजस्थानी डांस किया। सावन कुमार ने गाना “आने से उसके आए बहार..” गाया।
संचालन जोगेंद्र सिंह बंटी और केबी दीक्षित ने किया। इस दौरान मंच सह प्रभारी राकेश कुमार, मोहम्मद खालिक, सत्यनारायण सैनी, वसीम अहमद, हरीश, अंशु शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।

