इस्लामाबाद। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को नई गीदड़भभकी दी है। आसिफ ने कहा कि अगर भारत पाकिस्तान पर हमला करता है, तो इस्लामाबाद की प्रतिक्रिया तेज, निर्णायक और ज्यादा जोरदार होगी।
आसिफ की यह टिप्पणी भारत के कश्मीर में पिछले साल पहलगाम में क्रूर आतंकी हमले की पहली बरसी के कुछ दिन पूर्व आई है। उनकी टिप्पणी भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के एक बयान के जवाब में आई है जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को भारत के खिलाफ कोई भी दुस्साहस न करने की चेतावनी दी थी।
राजनाथ सिंह ने केरल के एक कार्यक्रम में कहा था कि मौजूदा हालात को देखते हुए हमारा पड़ोसी किसी तरह का दुस्साहस करने की कोशिश कर सकता है। अगर ऐसा होता है तो भारत का जवाब अभूतपूर्व और निर्णायक होगा। भारतीय रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि ऑपरेशन सिंह अभी खत्म नहीं हुआ है।
बीते साल अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में 26 नागरिकों के मारे जाने के बाद भारत ने 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर हमला करके उन्हें नष्ट कर दिया था। इसके बाद भीषण सैन्य टकराव शुरू हो गया जो 10 मई को खत्म हुआ।
राजनाथ सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आसिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, इतिहास इस बात का कड़ा सबक है कि गलत अनुमान लगाने के गंभीर परिणाम होते हैं। आसिफ ने राजनाथ सिंह पर आरोप लगाया कि वे अपने राजनीतिक फायदों के लिए बिना किसी आधार के आरोप लगाकर तनाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
अगली बार हमारी प्रतिक्रिया और भी ज्यादा जोरदार और निर्णायक होगी। इसमें कोई शक नहीं है: पाकिस्तान शांति और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है, लेकिन अपनी संप्रभुता की रक्षा का उसका इरादा पक्का है, उसकी तैयारी पूरी है और उसका जवाब नपा-तुला और निर्णायक होगा।
पहलगाम हमले का किया जिक्र
आसिफ ने कहा, ‘बार-बार दोहराई जाने वाली बयानबाज़ी ताकत नहीं, बल्कि पहलगाम हमले की बरसी नजदीक आने के साथ स्पष्ट रणनीतिक बेचैनी को दर्शाती है।’ पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा, ‘इस तरह की धमकियां देना कोई नई बात नहीं है। यह एक अनुमानित पैटर्न का हिस्सा है-आंतरिक कमजोरी को बाहरी रूप देना, और निहित राजनीतिक हितों के लिए निराधार आरोपों की आड़ में तनाव बढ़ाने का प्रयास करना।’

