रथ के माध्यम से राज्य सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का प्रचार

0
15

6 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास

कोटा/कनवास। सांगोद विधानसभा क्षेत्र में चल रही विकास रथ यात्रा सोमवार को लोढाहेड़ा, टोल्या, टोस्या, सलोनिया , कलमंडी, मामौर, केशौली, बाछीहेड़ा, हिंगोनिया पहुंची।

रथ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों का प्रचार किया गया। इस दौरान 6 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण शिलान्यास भी किया गया।

भाजपा देहात जिला प्रभारी मानसिंह बारहठ ने कहा कि रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य आमजन को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ना और लाभार्थियों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। इसके माध्यम से सरकार ने अपने सुशासन की रिपोर्ट जनता के समक्ष प्रस्तुत की है। दो साल में ही भाजपा की घोषणाएं धरातल पर उतरने लगी हैं।

प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं ने कहा कि राज्य सरकार और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर आमजन के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। वे जनता के प्रति जवाबदेही को अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी समझते हैं। उन्होंने कहा कि सीएम भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में चुनावी घोषणाऐं और बजट घोषणाएं धरातल पर साकार हो रही हैं। सांगोद विधानसभा विकास के नए आयाम गढ़ रही है।

उप प्रधान ओम नागर अडूसा ने कहा कि पिछले दो वर्षों में ऊर्जा मंत्री नागर के नेतृत्व में सांगोद विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्य शुरु हुए हैं। सीएम भजनलाल ने बजट के माध्यम से सांगोद क्षेत्र में विकास की गंगा बहाई है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के प्रयासों से हर घर नल और हर खेत तक पानी पहुंचाने का सपना साकार होता दिखाई दे रहा है।

इस दौरान लोढ़ाहेडा से कुंकड़ाखेड़ी हनुमान मंदिर तक 3 करोड़ की लागत से बनने वाली मिसिंग लिंक सड़क तथा ग्राम बाछीहेडा से गुंजारा तक 2.55 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित मिसिंग लिंक सड़क का शिलान्यास किया गया। इसके आलावा ग्राम सेवा सहकारी समिति गंगापुर में सहकारी भंडार गोदाम का लोकार्पण किया गया। साथ ही, 75 लाख रुपए की लागत से प्रस्तावित सलोनिया से केशोली तक तथा 62.50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले बाछीहेडा से सामरिया तक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया गया।

इस अवसर पर यात्रा प्रभारी नरेंद्र मोहन गौतम, पूर्व मण्डल अध्यक्ष कौशल सोनी, पूर्व प्रधान नंदकिशोर मालव, पंचायत समिति सदस्य महावीर मेरोठा, मंडल अध्यक्ष सत्यवान नागर, मंडल प्रतिनिधि हरिमोहन शर्मा, रामचरण जांगिड़, सरपंच बृजमोहन मेहता, सूरजमल नागर, दुर्गा शंकर सुमन समेत कई लोग मौजूद रहे।