कोटा मेला दशहरा में विजयश्री रंगमंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आज से
कोटा। राष्ट्रीय मेला दशहरा 2025 में विजयश्री रंगमंच पर शनिवार से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि शनिवार को शाम 7 बजे ख्यातिप्राप्त नृत्यांगना बरखा जोशी और उनकी शिष्याओं के द्वारा क्लासिकल कत्थक पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके बाद रात्रि 8:30 बजे सिंधी कार्यक्रम होगा। जिसमें मोहित शेवानी के द्वारा गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएगी।
राजवंशी ने बताया कि 5 अक्टूबर को बाल प्रतिभा कार्यक्रम, 6 अक्टूबर को एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक कलाकार रूप कुमार राठौड़ देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। वहीं 7 अक्टूबर को एक शाम पुराने गीतों के नाम कार्यक्रम होगा।
8 अक्टूबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें प्रख्यात कवि शशिकांत यादव, सत्यनारायण सत्तन, अशोक चक्रधर, प्रताप फौजदार, शंभू शिखर, राम भदावर, अतुल कनक, सपना सोनी, डॉ शुभम त्यागी, अर्जुन सिसोदिया काव्य पाठ करेंगे।
उन्होंने बताया कि 9 अक्टूबर को भजन संध्या होगी। जिसमें अभीलिप्सा पांडा भजन सरिता बहाएंगी। 10 अक्टूबर को पर्यटन विभाग का कार्यक्रम, 11 अक्टूबर को लाफ्टर शो का आयोजन होगा। जिसमें राजीव ठाकुर, अशोक मिश्रा, राजा रेंचो, हीरेन त्रिवेदी सरीखे कलाकार गुदगुदायेंगे। 12 अक्टूबर को राजस्थानी भाषा कवि सम्मेलन होगा।
13 अक्टूबर को भोजपुरी कार्यक्रम में अक्षरा सिंह धमाल मचाएंगी। 14 अक्टूबर को मोटिवेशनल कार्यक्रम होगा, जिसमें जया किशोरी के द्वारा जीवन जीने के सूत्र बताए जाएंगे। 15 अक्टूबर को सिने संध्या में गायक बी प्राक गीतों की प्रस्तुति देंगे। 16 अक्टूबर को पंजाबी कार्यक्रम में सुनंदा शर्मा पंजाबी के लोक रंग बिखेरेगी।

