कोटा। मोशन एजुकेशन के फाउंडर और देश के जाने-माने एजुकेटर नितिन विजय शनिवार रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होने वाले द ग्रेट इंडियन कपिल शो में नजर आएंगे। इस खास एपिसोड में उनके साथ चर्चित शिक्षक खान सर और अलख पांडेय भी रहेंगे। शिक्षा और हास्य का यह संगम दर्शकों के लिए दिलचस्प रहने वाला है। यह एपिसोड केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शिक्षा के बदलते परिदृश्य की झलक भी देगा।
मोशन एजुकेशन की डायरेक्टर डॉ. स्वाति विजय ने बताया कि नितिन विजय को शो में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। शो की टीम का कॉल शूटिंग से करीब 20 दिन पहले जनवरी में आया था। शूटिंग फरवरी के पहले सप्ताह में मुंबई में हुई।
उन्होंने कहा कि टीम ने अच्छी खासी रिसर्च की थी। पूरा एपिसोड 28 फरवरी को प्रसारित होगा। शो की शुरुआत में होस्ट कपिल शर्मा ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा कि कोटा कचौरी और एनवी सर के लिए मशहूर है। इसके बाद माहौल हल्का-फुल्का होते हुए भी चर्चा शिक्षा, स्टूडेंट्स और पेरेंट्स की ओर बढ़ी।
नितिन विजय ने शो से जुड़े अनुभव साझा करते हुए बताया कि करीब पांच से छह घंटे तक चला यह शूट एक ही टेक में पूरा हुआ। दरअसल, वहां रिटेक नहीं होते, हां, ब्रेक जरूर मिलते हैं। शो की स्क्रिप्ट मुख्य रूप से कलाकारों के लिए होती है, लेकिन बातचीत के दौरान कई संवाद और पंच स्वतः जन्म लेते हैं।
यही शो की असली ताकत है। शूट से पहले वे वेनेटी वैन में थे तभी कपिल शर्मा खुद वहां आकर मिले। दोनों के बीच कोटा की शिक्षा व्यवस्था और छात्रों की मेहनत पर हल्की-फुल्की बातचीत हुई।
गौरतलब है कि कपिल शर्मा का द ग्रेट इंडियन कपिल शो ओटीटी के दिगग्ज प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होता है। इसमें कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा और सुनील ग्रोवर जैसे कई कलाकार एंटरटेनमेंट की फुल डोज देते हैं। अर्चना पूरन सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू भी शो में स्पेशल गेस्ट के रूप में दिखाई देते हैं।

