मेरे महावीर झूले पालना में.. नन्हे शिशुओं की किलकारियों से गूंजा प्रज्ञा लोक

0
6

कोटा। महावीर जयंती के उपलक्ष्य पर आस्था, उल्लास और भावनाओं का अद्भुत संगम महावीर नगर प्रथम स्थित प्रज्ञालोक में राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार कोटा द्वारा आयोजित मेरे महावीर झूले पालना कार्यक्रम में देखने को मिला।

अध्यक्ष लोकेश जैन सीसवाली ने बताया कि कार्यक्रम में 2 माह से 8 माह तक के 24 शिशुओं को भगवान महावीर के बाल स्वरूप में सुसज्जित कर पालनों में झुलाया गया। मासूम चेहरों पर खिलखिलाती मुस्कान और किलकारियों की गूंज ने वातावरण को भावविभोर कर दिया।

चैयरमेन य​तीश जैन खेडावाला ने बताया कि त्रिशला दुलारे झूले रे… जैसे भक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं द्वारा प्रस्तुत बधाई नृत्य और भजन मंडली की प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।

नवीन जैन दौराया ने बताया कि महिला मंडल लाल जैन मंदिर महावीर नगर प्रथम की महिलाओं के द्वारा भगवान महावीर स्वामी की माता त्रिशला को आए 16 स्वप्न के तहत मेरे महावीर झूले पालना की आकर्षक प्रस्तुति दी गई।

विशेष आकर्षण के रूप में यतीश–मीनाक्षी खेडावाला ने भगवान महावीर के माता-पिता का रोल निभाया, जबकि नवीन–रिंकू दौराया एवं लोकेश–दीप्ती ने दादा-दादी व कुबेर इंद्र बनकर मोतियों व रत्नों की वर्षा की।

कोषाध्यक्ष अजय जैन ने बताया कि अंत में 1100 दीपकों से भव्य महाआरती की गई। लकी ड्रॉ, बाल क्रीड़ा गतिविधियां एवं प्रतिभागी बच्चों को आकर्षक पारितोषिक प्रदान किए गए। पालना झुलाने का पुण्य सौभाग्य मिथुल मित्तल व प्रवीण जैन को प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर विशेष अधिकारी लोकसभा अंकित जैन, एडीशनल एसपी प्रवीण जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, भाजपा नेता जगदीश जिंदल, सकल दि.जैन समाज के महामंत्री पदम बडला, कार्यध्यक्ष विकास अजमेरा व नितिन सेठी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

इंद्र विहार जिनालय में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव

इंद्र विहार स्थित श्री सीमंधर जिनालय में भगवान महावीर के जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रातःकाल भव्य मंगल प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इसके पश्चात आशीष शास्त्री द्वारा जन्म कल्याणक विषय पर स्वाध्याय कराया गया, जिसमें महावीर स्वामी के अहिंसा, करुणा और जीव दया के संदेशों को विस्तार से समझाया गया। प्रभात फेरी में पुरुष, महिलाएं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सायंकाल 7:30 बजे से भक्ति संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान महावीर के जन्मोत्सव पर सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी गई।