
मुंबई। दिवाली पर मुहूर्त ट्रेडिंग के मौके पर सेंसेक्स 336.14 प्वाइंट (0.77%) ऊपर 43779.14 के स्तर पर खुला। यह सेंसेक्स का हाईएस्ट लेवल है। निफ्टी की शुरुआत 102.10 प्वाइंट की बढ़त (0.80%) के साथ 12822.05 पर हुई। सेंसेक्स में 195 प्वाइंट की तेजी रही और यह 43,638 की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। निफ्टी 51 अंक मजबूत होकर 12771 के स्तर पर बंद हुआ।
क्या है मुहूर्त ट्रेडिंग का इतिहास?
दिवाली के दिन मुहूर्त सेशन शुरू होने से पहले कारोबारी चोपड़ा पूजा करते हैं, जिसमें अकाउंटिंग बुक की पूजा की जाती है। दरअसल, 1957 में BSE पर मुहूर्त व्यापार शुरू हुआ था। यह दो प्रमुख व्यापारिक समुदायों गुजरातियों और मारवाड़ी लोगों से शुरू हुआ था। फिर 1992 से NSE आया। इसके बाद BSE और NSE दोनों में दिवाली की शाम को एक घंटे के लिए ट्रेड होता है।
शुक्रवार को हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार में रौनक लौटी और यह बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.20% की तेजी के साथ 85.81 प्वाइंट ऊपर 43443 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी 0.23% (29.15 अंक) की बढ़त के साथ 12719.15 के स्तर पर बंद हुआ था।
टॉप लूजर्स और टॉप गेनर्स
मुहूर्त ट्रेडिंग में सेंसेक्स 30 के 22 शेयरों में तेजी रही है। टॉप गेनर्स में एयरटेल, टाटा स्टील, सनफार्मा, आईटीसी, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, एल एंड टी, ओएनजीसी और एनटीपीसी शामिल हैं।
टॉप लूजर्स में पावरग्रिड, टाइटन कंपनी, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज ऑटो और बजाज फाइनेंस शामिल हैं। निफ्टी पर सभी प्रमुख 11 इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए हैं। आईटी और रियल्टी इंडेक्स में भी तेजी रही। बैंक, फाइनेंशियल, ऑटो, एफएमसीजी, मेटल और फार्मा इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए।
