मुकुंदरा टाइगर रिजर्व में शावक के साथ विचरण करती दिखी MT-6 बाघिन

0
8

कोटा। जिले में मुकुंदरा टाइगर रिजर्व से वन्य प्रेमियों के लिए एक खुशखबरी सामने आई है। जहां पर MT-6 ने पहली बार एक शावक को जन्म दिया और वह शावक के साथ रिजर्व में विचरण करती हुई भी नजर आई है। रणथंभौर टाइगर सेंचुरी से करीब ढाई साल की उम्र में इस बाघिन को कोटा मुकुंदरा टाइगर सेंचुरी में शिफ्ट किया गया था। जिसकी MT-5 बाघ के साथ मेटिंग हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक MT-6 3 साल से अधिक उम्र की है। जबकि टाइगर MT-5 लगभग 8 वर्ष का है।

सेंचुरी में शावक के साथ बाघिन के विचरण का फोटो वन मंत्री ने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है। सेंचुरी में लगे कैमरे में यह रोचक तस्वीर कैद हुई। सोशल मीडिया पर तस्वीर सामने आने के बाद कोटा में पर्यावरण और वन्य जीव प्रेमियों ने भी राहत की सास के साथ खुशी भी जाहिर की है। वन अधिकारियों के मुताबिक बाघिन MT-6 को साल 2023 के अक्टूबर महीने में कोटा में शिफ्ट किया गया था। वहीं वन विभाग के मुताबिक MT-6 की टेरिटरी एरिया में अब स्टाफ को भी बढ़ा दिया जाएगा।

वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी बाघिन और शावक की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर कर कहा कि संसदीय क्षेत्र कोटा के मुकुंदरा टाइगर रिजर्व में बाघिन MT-6 के नन्हे शावक का आगमन न केवल वन्य जीव प्रेमियों के लिए बल्कि समस्त कोटा वासियों के लिए भी हर्ष का विषय है। मुकुंदरा में जल्द ही बाघ-बाघिन की शिफ्टिंग भी हो जाएगी। ताकि टाइगर सफारी की दिशा में हम आगे बढ़ सके।