माहेश्वरी पब्लिक स्कूल के 21वें स्थापना दिवस पर किड्स फन ज़ोन का शुभारंभ

0
5

कोटा। माहेश्वरी पब्लिक स्कूल में सोमवार को 21वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर पीयूष सामरिया ने एमपीएस किड्स फन ज़ोन का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों को मेंटल और फिजिकल हेल्थ पर ध्यान देने की सीख दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए उत्तम स्वास्थ्य, अनुशासन, स्वयं के प्रति ईमानदारी, बेहतर प्लानिंग, सकारात्मक व्यवहार और मजबूत चरित्र बेहद आवश्यक हैं। विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हार्ड वर्क का कोई शॉर्टकट नहीं होता, निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।

कार्यक्रम में माहेश्वरी पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि समाज के विकास और प्रगति का आधार शिक्षा है। उन्होंने बताया कि एक आदर्श समाज के निर्माण के लिए महिला और पुरुष दोनों का शिक्षित होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से स्कूल ने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए बालिकाओं से प्रवेश शुल्क नहीं लिया जा रहा है।

प्रशासक राजेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि जिला कलेक्टर ने स्कूल का भ्रमण कर डिजिटल क्लासरूम, कंप्युटर लेब और वातानुकूलित कक्षाओं का अवलोकन किया। इस दौरान बच्चों के लिए बनाए गए ‘एमपीएस किड्स फन ज़ोन’ में बॉल पूल, ट्रैम्पोलिन, पंचिंग बैग, क्लाइंबर्स, वी-ब्रिज, टनल एक्टिविटी और बैलेंसिंग ब्रिज जैसी सुविधाओं की शुरुआत की गई, जो बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होंगी।

प्राचार्य अमित कुमार शर्मा ने स्वागत भाषण एवं सचिव बिठ्ठलदास मूंदडा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष नंदकिशोर काल्या, कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार शारदा, सहमंत्री घनश्याम दास मूंदड़ा, महेशचंद अजमेरा, सुरेश चंद्र काबरा, कृष्ण गोपाल जाखेटिया,रामचरण धूत, प्रमोद कुमार भण्डारी, महिला मण्डल अध्यक्ष सरिता मोहता, सचिव श्वेता माहेश्वरी एवं उपप्राचार्या भक्ति निगम सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।