विकसित भारत 2047: नारी शक्ति संवाद में महिलाओं की भूमिका पर हुआ मंथन
कोटा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से शुक्रवार को कोटा में आयोजित “नारी शक्ति संवाद” कार्यक्रम में महिलाओं की भूमिका, भागीदारी और नेतृत्व पर गहन विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे रहीं, जिन्होंने “विकसित भारत 2047” के संकल्प में महिलाओं की भागीदारी को लेकर प्रेरणादायी संबोधन दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य था महिलाओं को जागरूक, सशक्त और संगठित कर उन्हें देश के विकास में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा, यदि भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाना है, तो इसमें आधी आबादी की भागीदारी को और अधिक सशक्त करना होगा।
उन्होंने कहा कि महिला केवल परिवार की धुरी नहीं, अब राष्ट्र निर्माण की धुरी भी बन चुकी है। उन्होंने “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि यह कानून, महिलाओं को विधायिकाओं में 33% आरक्षण देकर राजनीतिक सशक्तिकरण की ऐतिहासिक नींव रखता है।
यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना का सशक्त प्रतिबिंब है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आरंभ की गई विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना, स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसी पहलों ने महिलाओं को आत्मनिर्भरता और सम्मान का रास्ता दिखाया है।
विधायक कल्पना देवी ने कहा कि अब समय आ गया है जब महिलाएं केवल नीति की लाभार्थी नहीं, बल्कि नीति निर्धारण में भी नेतृत्व करें। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और तकनीकी सभी क्षेत्रों में अपनी भूमिका को और मजबूत करें।
पूर्व उप महापौर सुनीता व्यास ने कहा कि आज की भारतीय नारी आत्मविश्वास, नेतृत्व और संवेदना की प्रतीक है। विकसित भारत 2047 का सपना तब ही साकार होगा जब महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर और सम्मान मिलेगा। हमें आगे बढ़कर महिलाओं को सशक्त करने की इस यात्रा में सहभागी बनना होगा। प्रदेश मंत्री अनुसूइया गोस्वामी ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और नेतृत्व ये स्तंभ हैं उस भारत के, जिसे हम 2047 तक विकसित देखना चाहते हैं। यह परिवर्तन नारी के बिना संभव नहीं।”
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्वावलंबन, सुरक्षा और नेतृत्व जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, जिला उपाध्यक्ष सुरभी शाह झामनानी, महिला मोर्चा शहर जिलाध्यक्ष कविता पचवारिया, देहात जिलाध्यक्ष आशा त्रिवेदी, सुनीता नायक, महिला पार्षद सहित महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

