महिलाओं को सामाजिक सरोकार के कार्य में आगे आने की जरूरत: ऊर्जा मंत्री

0
7

श्री धाकड़ महासभा महिला इकाई की प्रथम राष्ट्रीय बैठक एवं शपथग्रहण समारोह

कोटा। श्री धाकड़ महासभा महिला इकाई की राष्ट्र स्तरीय प्रथम बैठक एवं शपथ ग्रहण समारोह रविवार को धरणीधर गार्डन पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम संयोजक गुंजन नागर तथा ममता नागर बामला ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री तथा धरणीधर जनसेवा संस्थान के अध्यक्ष हीरालाल नागर व महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र नागर थे।

अध्यक्षता महिला इकाई की राष्ट्रीय अध्यक्ष राजश्री नागर ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेविका अरूणा नागर, राजश्री नागर, अटरू प्रधान वंदना नागर, उपप्रधान मांगरोल सीमा नागर थीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर ने कहा कि महिलाओं को सामाजिक सरोकार के कार्य में आगे आने की आवश्यकता है। आज हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। चाहे व्यापार हो, डिफेंस हो, सरकारी सेवा हर क्षैत्र में महिलाओं ने लोहा मनवाया है।

उन्होंने कहा कि आगे पंचातीराज और नगर निकाय के चुनाव हैं, जिनमें भी महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण मिला है। पीएम मोदी ने भी विधानसभा और लोकसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। सभी योग्य महिलाओं के लिए राजनीति के दरवाजे भी खुले हुए हैं।

इसके लिए सामाजिक मंच प्रशिक्षण केंद्र साबित हो सकते हैं। महिलाएं चाहे सामाजिक, राजनीतिक या सर्विस सेक्टर में हों, किसी भी क्षेत्र में काम करें, पूर्ण संकल्पित मन से जुटें और राष्ट्र की उन्नति में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।

नरेन्द्र नागर ने कहा कि हमारी सभी पदाधिकारी शपथ लेकर देश और समाज के लिए काम में जुटेंगी। आज सरकारें भी महिलाओं को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में निरंतर जुटी हुए हैं। जिससे शहर से लेकर गांव तक और बिजनेस से लेकर शेयर बाजार तक महिलाओं का सशक्तिकरण खूब नजर आने लगा है। इस अवसर पर अध्यक्ष राजश्री नागर ने अब तक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने अपने कार्यकाल में भविष्य की कार्य योजनाका विज़न डॉक्यूमेंट भी रखा।

उन्होंने महासभा एवं समाज में महिलाओं की सहभागिता पर भी अपना पक्ष रखा। राजश्री नागर ने कहा कि धाकड़ समाज की महिलाएं हर क्षैत्र में बढ़ रही हैं। सरकारी नौकरी में भी महिलाऐं बढ़ी हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गुंजन नागर ने स्वागत भाषण दिया। ममता बामला ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन नूपुर मालव एवं चंचल नागर ने किया।

इस दौरान कोटा शहर अध्यक्ष तृप्ति नागर देहात अध्यक्ष विष्णु नागर तथा बारां जिला अध्यक्ष उमा नागर की जिला कार्यकारिणियों ने शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष दीपशिखा धाकड़, मध्यप्रदेश की अध्यक्ष पवित्रा नागर, प्रियंका नागर, द्वारिका नागर, वंदना नागर, स्नेहलता मालव, सुमन नागर, आरती नागर, कविता नागर, सुप्रिया मंडलोई, भारती नागर, सीमा बड़ोद, डॉ. श्वेता नागर, माधुरी नागर, उमा बडेलिया, मंजू नागर, रीना नागर समेत कईं महिलाएं उपस्थित रहीं।