बेटियों के लिए छात्रावास निर्माण महात्मा फूले को सच्ची श्रद्धांजलि: स्पीकर बिरला

0
8

महात्मा फूले जयंती पर माली-सैनी समाज की बेटियों के छात्रावास का हुआ लोकार्पण

कोटा। महात्मा ज्योतिबा फूले की 200वीं जयंती के अवसर पर कुन्हाड़ी में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने चम्बल पार माली-सैनी विकास समिति द्वारा निर्मित बालिका छात्रावास भवन का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर बिरला ने कहा कि महात्मा फूले और सावित्रीबाई फूले ने उस दौर में बेटियों की शिक्षा की अलख जगाई, जब समाज में इसके प्रति जागरूकता नहीं थी। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को दिशा देने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि बालिका छात्रावास केवल एक भवन नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर निकलने वाली बेटियां आत्मनिर्भर बनेंगी और समाज में अपनी पहचान स्थापित करेंगी। इस अवसर पर माली-सैनी समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा गया कि यह समाज सदियों से परिश्रम, ईमानदारी और सादगी का प्रतीक रहा है।

समाज ने सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज हम सबको यह संकल्प लेना चाहिए कि हम शिक्षा को बढ़ावा देंगे, बेटियों को आगे बढ़ाएंगे, और समाज से भेदभाव और अज्ञानता को दूर करेंगे।

बेटियों को मिल रहे उनके अधिकार
बिरला ने कहा कि चाहे शिक्षा हो, खेल हो, विज्ञान हो या प्रशासन बेटियां अपने परिश्रम और प्रतिभा से देश का गौरव बढ़ा रही हैं। आज वे केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। राजनीतिक रूप से भी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है जिससे निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी सशक्त उपस्थिति बढ़ेगी। यह वही विचारधारा और सोच है, जिसकी नींव वर्षों पहले महात्मा ज्योतिबा फूले और माता सावित्रीबाई फूले ने रखी थी।