बिरला ने किया सड़कों और विकास कार्यों का निरीक्षण, अफसरों को तेजी से कार्य के निर्देश

0
22

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को कोटा शहर में सड़कों और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जाए, ताकि तय समयसीमा में योजनाएं पूरी हों और जनता को लाभ मिल सके।

एयरपोर्ट मार्ग का निरीक्षण करते हुए बिरला ने कहा कि यह मार्ग कोटा की नई पहचान बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को सौंदर्यीकरण, सड़क चौड़ाईकरण, हरियाली, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वागत द्वार का निर्माण इस तरह किया जाए कि यह शहर की सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान को दर्शाए।

बिरला ने कहा कि कोटा की बढ़ती जनसंख्या और विस्तार को देखते हुए भविष्य की यातायात जरूरतों के अनुसार नई सड़कों, फ्लाईओवर और पुलियाओं के प्रस्ताव तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि सुगम यातायात शहर के विकास की प्राथमिक जरूरत है और इसके लिए विभागों के बीच समन्वय जरूरी है।

उन्होंने कहा कि शहर के 120 पार्कों के विकास कार्यों के आदेश जारी किए जा चुके हैं। इसके साथ ही विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के कार्य भी शुरू किए जाएंगे। बिरला ने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और नागरिकों को स्वच्छ, हराभरा और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।