छात्राओं के लिए कोटा में सेल्फ डिफेंस प्रोग्राम का शुभारंभ गीता फोगाट करेंगी

0
140

कोटा। शहर के सरकारी विद्यालयों में पढ़ रही बालिकाओं के लिए आन्या फाउंडेशन ने बड़ी पहल की है। फाउंडेशन की ओर से शहर के 10 स्कूलों में 3000 बालिकाओं के लिए निशुल्क सेल्फ डिफेंस प्रोग्राम प्रारंभ किया जा रहा है।

कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता और प्रख्यात रेसलर गीता फोगाट 19 नवम्बर को इसका शुभारंभ करेंगी। गैर सरकारी संस्था की ओर से आयोजित यह संभवतः देश का सबसे बड़ा प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा।

आन्या फाउंडेशन की फाउंडर अंजली बिरला ने बताया कि बदलते सामाजिक परिवेश में यह आवश्यक है कि हर बालिका आत्मरक्षा में सक्षम हो। किसी भी विपरीत परिस्थिति में खुद की रक्षा करने का सामर्थ्य उसको जीवन में नई ऊंचाइयों को छूने का आत्मविश्वास देेगा। इसकी को देखते हुए ‘‘निर्भीक‘‘ नाम से कक्षा 6 से 12वीं में अध्ययनरत बालिकाओं के लिए सेल्फ डिफेंस कार्यक्रम की परिकल्पना की गई है।

उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को इस सेल्फ डिफेंस कार्यक्रम का शुभारंभ भी एक विशेष सोच के साथ किया जा रहा है। उस दिन देश की महान वीरांगना रानी लक्ष्मी बाई की जयंती है। साथ ही कार्यक्रम का शुभारंभ भी महिला सशक्तिकरण की प्रबल हस्ताक्षर अन्तरराष्ट्रीय रेसलर गीता फोगाट द्वारा किया जाएगा। ऐसे में यह आयोजन बालिकाओं को स्वयं सक्षम बनने की एक मजबूत प्रेरणा बनकर उभरेगा।

18 तरह की डिफेंस स्किल्स सीखेंगी बालिकाएं
आन्या फाउंडेशन की ओर से आयोजित किया जा रहा यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शहर के 10 विद्यालयों में तीन माह तक चलेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को वार्मअप करवाने के साथ स्ट्रेचिंग, रनिंग, जंपिंग आदि भी करवाई जाएगी। इसके साथ उन्हें 18 प्रकार की सेल्फ डिफेंस स्किल्स सिखाई जाएंगी।

25 विशेषज्ञ ट्रेनर देंगे प्रशिक्षण
सेल्फ डिफेंस कार्यक्रम के लिए 25 विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को कार्यक्रम के साथ जोड़ा गया है। यह प्रशिक्षक उन्हें आत्मरक्षा के गुर सिखाने के साथ बालिकाओं को कंघे, पर्स, पेन, पेंसिल आदि चीजों का उपयोग भी सेल्फ डिफेंस में करना सिखाएंगे।