बहनों के आशीर्वाद से मिलती है जनता की सेवा करने की ताकत: ऊर्जा मंत्री नागर

0
39

पोलाई कलां में हुआ दीगोद एवं सिमलिया भाजपा का लाडली बहना रक्षा सूत्र कार्यक्रम

कोटा/ सीमल्या। रक्षाबंधन से पूर्व सीमल्या के पास पोलाई कलां में लाडली बहनों ने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के ललाट पर चंदन का टीका लगाकर कलाई पर पवित्र रक्षासूत्र बांधा। नारियल भेंटकर बलाईयां लेते हुए लंबी उम्र की कामना की।

ऊर्जा मंत्री नागर ने भी स्नेह और समर्पण के इस रक्षा सूत्र के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए समर्पण और सेवा के इस रिश्ते को पूर्ण क्षमता के साथ निभाने का वादा किया। साथ ही, बहनों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा के दायित्व को निभाने के लिए प्राणपण से जुटने का संकल्प व्यक्त किया।

मौका था दीगोद एवं सिमलिया भाजपा मंडल की ओर से आयोजित लाडली बहना रक्षा सूत्र कार्यक्रम का। जहां पर बड़ी संख्या में पहुंची लाडली बहनों ने ऊर्जा मंत्री को राखी बांधी।

समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री श्री नागर ने कहा कि लाडली बहना रक्षासूत्र कार्यक्रम के माध्यम से अपनी बहनों का आशीर्वाद और प्रेम मिलता है। जिससे जनता की सेवा करने की ताकत प्राप्त होती है।

बहनों द्वारा बांधी गई प्रेम और विश्वास की इस डोर को कभी टूटने नहीं देंगे। बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए जो भी चुनौतियां हैं, उन्हें दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। इस काम में लोकसभा स्पीकर श्री ओम बिरला का भी सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि आपके भाई प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं की समस्याओं को समझा है। जिन समस्याओं के बारे में 70 साल में कांग्रेस ने कभी नहीं सोचा था। 2014 के बाद महिलाओं के लिए घरों में शौचालय बनाए गए। महिलाओं को चूल्हा फूंकने से धुएं से अनचाही बीमारियां मिल जाया करती थी।

उज्ज्वला योजना के माध्यम से हर घर में गैस सिलेंडर पहुंचाकर बहनों को धूएं से मुक्ति दिलाने का काम किया है। जनधन योजना में बिना बैलेंस के बैंक खाते खोले गए। जिससे महिलाओं के खाते में सामाजिक योजनाओं की राशि डाली जा रही है।

4 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आवास मिला है। 3 करोड नए पीएम आवास बनाए जाएंगे। लाडो प्रोत्साहन योजना से बेटियों को आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। लखपति दीदी योजना में 3 करोड़ महिलाओं को ड्रोन देकर सशक्त बनाने का काम किया जा रहा है।

आयुष्मान भारत योजना से निशुल्क चिकित्सा की सुविधा प्रदान की गई है। किसान सम्मान निधि के रूप में प्रधानमंत्री मोदी के 6 हजार रुपए के साथ सीएम श्री भजन लाल शर्मा ने भी 6 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि देने का संकल्प किया है। महिलाओं को विधवा पेंशन दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि देश के दुश्मनों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ने का काम किया तो उनके सिंदूर की रक्षा के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया। ऑपरेशन महादेव के द्वारा आतंकियों को सबक सिखाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि आपके विश्वास के कारण ही सीएम भजनलाल शर्मा ने राजस्थान सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। इस जिम्मेदारी को आपके आशीर्वाद और विश्वास से ही पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि माता बहनों को रास्ता नहीं होने के कारण खेतों तक जाने में परेशानी होती थी।

अब हम खेतों के रास्ते आसान बनाने के लिए संकल्पित मन से कम कर रहे हैं। वहीं महिलाओं को घर पर ही नल से जल देने का काम करेंगे और खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए भी काम चल रहा है।

कार्यक्रम में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, प्रधान कृष्णा शर्मा, देहात जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर, मंडल अध्यक्ष उछमा मीणा, इंद्र खंडेलवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनीष शर्मा, जिला परिषद सदस्य राजनीता मेघवाल, एसटी मोर्चा जिला महामंत्री भीमराज मीणा, घनश्याम यादव, समाजसेवी गणपतलाल शर्मा, पंचायत समिति सदस्य जगदीश मेघवाल, विशाल गोचर समेत कईं लोग मौजूद रहे।

सीएम साहब ने राम-राम भेजा है
कार्यक्रम में मंत्री श्री नागर ने रक्षाबंधन पर सीएम भजनलाल शर्मा के द्वारा शुभकामना संदेश भेजे जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सांगोद विधानसभा में चल रहे लाडली बहना रक्षा सूत्र कार्यक्रम की गूंज जयपुर तक है। सीएम साहब ने भी सीएमओ बुलाकर कार्यक्रम की जानकारी ली है। उन्होंने सांगोद विधानसभा क्षेत्र की लाडली बहनों को राम-राम भेजा है। साथ ही बहनों को हरसंभव सहयोग देने के लिए तत्परता प्रकट की है।