कोटा/सांगोद। राजस्थान के ऊर्जा मंत्री एवं सांगोद विधायक हीरालाल नागर ने राजस्थान सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए ऐतिहासिक एवं मील का पत्थर बताया है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा सांगोद क्षेत्र के लिए की गई घोषणाएं शिक्षा, सिंचाई, पेयजल, बुनियादी ढांचे एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेंगी।
मंत्री नागर ने कहा कि यह बजट आमजन की आवश्यकताओं और क्षेत्र की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। जिससे सांगोद क्षेत्र की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि बजट में सांगोद एवं दीगोद क्षेत्र के लिए सिंचाई और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु ऐतिहासिक प्रावधान किए गए हैं। परवन अकावद परियोजना के अंतर्गत बारां, कोटा एवं झालावाड़ जिलों के लिए 3500 करोड़ रुपए के कार्यादेश जारी किए गए हैं। जिससे व्यापक स्तर पर सिंचाई और पेयजल सुविधा का विस्तार होगा।नवनेरा परियोजना के लिए ₹1100 करोड़ का प्रावधान किया गया है। जिसके माध्यम से कोटा एवं बूंदी जिले के गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। आलनिया बांध परियोजना के तहत 100 करोड़ रुपए की लागत से दबावयुक्त सिंचाई प्रणाली विकसित की जाएगी। जिससे सिंचाई से वंचित 36 गांवों की 2716 हेक्टेयर भूमि को लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त दीगोद लिफ्ट नहरों की मरम्मत के लिए 9 करोड़ रुपए तथा सौर ऊर्जा आधारित चन्द्रावला माइक्रो सिंचाई परियोजना (द्वितीय चरण) के लिए 15 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। मंत्री नागर ने कहा कि इन परियोजनाओं से किसानों की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र में कृषि उत्पादन को नया विस्तार मिलेगा।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि सांगोद क्षेत्र को बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के उद्देश्य से भी बजट में महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। जिसमें भगदा खाल (सांगोद) फ्लड डायवर्जन हेतु 25 करोड़ रुपए, सीमलिया फ्लड डायवर्जन (चरण-II) हेतु 18 करोड़ रुपए, नीमोदा फ्लड प्रोटेक्शन कार्य हेतु 15 करोड़ रुपए, कैलाशपुरा सुरक्षा दीवार निर्माण हेतु 20 करोड़ रुपए की घोषणा की गई है।
इसके अलावा क्षेत्रीय संपर्क एवं शहरी विकास को सुदृढ़ करने के लिए भी बजट में प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि भाण्डाहेडा से सुहाना संपर्क सड़क निर्माण हेतु 5 करोड़ रुपए, सांगोद नगर पालिका में नाला निर्माण एवं सड़कों के सुदृढ़ीकरण हेतु 5 करोड़ रुपए की घोषणा की गई है।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सांगोद में अन्नपूर्णा नदी के समीप 4 करोड़ की लागत से ‘अटल वन’ विकसित किया जाएगा। जिससे हरित क्षेत्र में वृद्धि होगी और पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलेगी। आमजन को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सांगोद में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय खोलने की घोषणा की गई है। इससे स्थानीय नागरिकों को न्यायिक कार्यों के लिए अन्य स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

