फरवरी महीने में GST कलेक्शन 1.83 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचा

0
4

नई दिल्ली। GST collections February 2026 : सरकार ने फरवरी महीने के ग्रॉस माल एवं सेवा कर (जीएसटी) कलेक्शन के आंकड़े जारी कर दिए हैं। फरवरी में सालाना आधार पर 8.1 प्रतिशत बढ़कर 1.83 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है।

इसमें आयात से प्राप्त राजस्व में हुई उच्च वृद्धि का मुख्य योगदान रहा। सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। कुल घरेलू जीएसटी राजस्व 5.3 प्रतिशत बढ़कर लगभग 1.36 लाख करोड़ रुपये रहा जबकि आयात से सकल राजस्व 17.2 प्रतिशत बढ़कर 47,837 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

कुल रिफंड 10.2 प्रतिशत बढ़कर 22,595 करोड़ रुपये रहा। कुल जीएसटी संग्रह 1.61 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 7.9 प्रतिशत अधिक है। शुद्ध उपकर राजस्व 5,063 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल फरवरी में 13,481 करोड़ रुपये था।

पिछले महीने महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक में सबसे अधिक जीएसटी कलेक्शन दर्ज किया गया। हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पश्चिम बंगाल उन अन्य राज्यों में शामिल थे जहां जीएसटी का कुल कलेक्शन अधिक रहा। वहीं, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लद्दाख, मिजोरम, नागालैंड और मणिपुर उन राज्यों में शामिल थे जहां सबसे कम जीएसटी कलेक्शन हुआ।

चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीनों में फरवरी तक ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 8.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 20,27,033 करोड़ रुपये हो गया है। इस दौरान 2,70,261 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया गया जिससे नेट जीएसटी कलेक्शन 17,56,772 करोड़ रुपये रहा।

रिफंड में 18.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है जबकि नेट जीएसटी कलेक्शन 6.9 प्रतिशत बढ़ा है। पूरे वित्त वर्ष में अब तक 99,215 करोड़ रुपये का उपकर प्राप्त हुआ है जबकि पिछले वित्त वर्ष में इसी अवधि के दौरान 1,36,656 करोड रुपये के उपकर की प्राप्ति हुई थी।