प्रिंटपैक राजस्थान 2026: प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग पर जयपुर में 21 से प्रदर्शनी

0
7

कोटा। प्रिंटिंग और पैकेजिंग उद्योग को नई दिशा देने के उद्देश्य से इंडियन प्रिंटिंग, पैकेजिंग एंड अलाइड मशीनरी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (आईपीएएमए) की ओर से 21 से 23 फरवरी तक जयपुर एक्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर सीतापुरा में एक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

आईपीएएमए के अध्यक्ष जयवीर सिंह, महासचिव इकबाल सिंह तथा गवर्निंग काउंसिल के सदस्यों ने उद्योगजनों से प्रत्यक्ष संवाद करते हुए आगामी प्रदर्शनी की रूपरेखा और उससे मिलने वाले व्यावसायिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

अध्यक्ष जयवीर सिंह ने बताया कि ‘प्रिंटपैक राजस्थान 2026’ में 160 से अधिक अग्रणी कंपनियां अपनी अत्याधुनिक मशीनरी के लाइव डेमो के साथ भाग लेंगी। देशभर से हजारों उद्योग प्रतिनिधियों और आगंतुकों की उपस्थिति इस मेगा आयोजन को नई ऊंचाई प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों की सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम इकाइयों (एमएसएमई) को आधुनिक प्रिंटिंग तकनीक, डिजिटल पैकेजिंग समाधान और नवीनतम मशीनरी से जोड़ना है। आईपीएएमए एक राष्ट्रीय स्तर की संस्था है, जिसकी प्रदर्शनियों में करोड़ों रुपये का कारोबार होता है, जो इसकी विश्वसनीयता और प्रभावशीलता का प्रमाण है।

सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शनी राजस्थान ऑफसेट प्रिंटर्स एसोसिएशन (रोपा) तथा ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ प्रिंटर्स एंड पैकर्स के सहयोग से आयोजित की जा रही है। आयोजन को भारतीय प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग को एक साझा मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।