शिक्षा सहकारी स्काउट गाइड वाटिका का उद्घाटन
कोटा। शिक्षा विभाग कर्मचारी गण सहकारी सभा 696 एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के तत्वावधान में मनाए जा रहे वन एवं वन्य जीव संरक्षण पखवाड़े के अंतर्गत रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास, डाइट परिसर में शिक्षा सहकारी स्काउट गाइड वाटिका का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्काउट गाइड के जिला प्रधान एवं शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा आदित्य विजय ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षा सहकारी के उपाध्यक्ष महेंद्र नागर, मंत्री जमनालाल गुर्जर, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुल्तानपुर एवं शिक्षा सहकारी डायरेक्टर गायत्री मीणा उपस्थित रहीं। इस अवसर पर सुल्तानपुर प्रधानाचार्य सुरेंद्र मीणा एवं समग्र शिक्षा कार्यक्रम प्रभारी अनुमेहा शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन छात्रावास अधीक्षक उदय सिंह गुर्जर द्वारा किया गया। सर्वप्रथम सभी सम्माननीय अतिथियों का भारत स्काउट एवं गाइड की परंपरागत रीति से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि प्रकाश जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वन और वन्य जीव संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी है। स्काउट-गाइड जैसे संगठन युवाओं में प्रकृति प्रेम और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अध्यक्षता कर रहे आदित्य विजय ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संस्कार विद्यार्थियों में बचपन से विकसित किया जाना चाहिए। ऐसी वाटिकाएँ बच्चों को प्रकृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण एवं जलवायु संतुलन के महत्व पर प्रकाश डाला।
मंचीय कार्यक्रम के समापन के पश्चात शिक्षा सहकारी स्काउट गाइड वाटिका का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा प्रतीकात्मक रूप से एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सह वार्डन मुकेश मीणा, गोविंद मीणा , राम प्रसाद सहित अन्य गणमान्यजन एवं कर्मचारीगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

