नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री और देश में आर्थिक उदारीकरण के पुरोधा डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को दिल्ली के निगम बोध घाट पर सुबह 11:45 बजे पूरे राजकीय सम्मान से होगा। सुबह 8:30 बजे से डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा, जहां पार्टी कार्यकर्ता व आम जनता उनके दर्शन कर सकेगी। इसके बाद, सुबह 9:30 बजे से उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंहका 92 साल की उम्र में दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उन्हें उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से गुरुवार रात 8:06 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था। रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मनमोहन सिंह प्रखर अर्थशास्त्री थे। 1991 में देश में शुरू किए गए आर्थिक उदारीकरण के वे शिल्पकार रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है।
2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह
मनमोहन सिंह ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए सरकार की अगुवाई की थी और जिनका आर्थिक सुधारों में महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।

