पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के साथ विश्व में उच्च मानक स्थापित किए

0
5

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी का विचार संगम कार्यक्रम में सम्बोधन

कोटा। राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि 21वीं सदी भारत और भाजपा की है। हम कर्तव्यनिष्ठा के पथ पर चलते हुये इसे संवारते रहें। वे रविवार को भाजपा कोटा शहर के तत्वावधान में आयोजित विचार संगम कार्यक्रम को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत का समय आ गया है। भारत एक नया स्वरूप लेने जा रहा है।

उन्होंने संदेश देते हुये कहा है कि हमें गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर भविष्य को संवारना है। स्वर्णिम भविष्य हमारी प्रतीक्षा कर रहा है। हमें अपना वर्तमान कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से पूरा करना है। गौरवशाली राष्ट्र निर्माण की दिशा में बढ़ते चलना है ।

त्रिवेदी ने भारतीय समाज को बांटनेवाली राजनीति पर कटाक्ष करते हुये कहा कुंभ में बहुत पानी बहा। टुकड़े -टुकड़े बांटने वाले गंगा जमुना सरस्वती के संगम में गये। देश के 66 करोड़ लोगों ने बिना किसी भेदभाव के महाकुंभ में स्नान किया। यह संख्या मतदान करने वालों से भी 2 करोड़ अधिक थी। उन्होंने कहा भारतीय संस्कृति एकात्म है, यहाँ विविधता में एकता है, इसे कोई नहीं तोड़ सकता। यह एकात्म ही रहेगी।

भाजपा प्रवक्ता ने परिवार वाद पर कटाक्ष करते हुये कहा 2047 में भाजपा का अध्यक्ष कौन होगा। कोई नहीं बता सकता, क्योंकि भाजपा का कोई कार्यकर्ता ही अध्यक्ष होगा। किन्तु कांग्रेस सहित परिवारवादी दलों का 2047 में कौन अध्यक्ष होगा। यह कोई भी बता सकता है कि वह उन्हीं के परिवार से होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में नेतृत्व नेसर्गिक रूप से विकसित होता है, उभरता है और नेता बनता है। किन्तु कांग्रेस में व्यक्ति को पदासीन कर उसे नेता बनाया जाता है।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा भारत को कमजोर राष्ट्र समझने वालों को भारत की क्षमताओं से भाजपा सरकारों ने ही परिचय करवाया। अटलजी की सरकार में पोखरण में परमाणु विस्फोट कर हमने विश्वस्तर पर स्वाभिमान पाया और मज़बूत राष्ट्र की नींव रखी। मोदीजी के शासन में सर्जिकल स्ट्राइक कर अपनी सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता प्रगट करते हुए भारतीय सीमाओं को मज़बूत बनाया।

उन्होंने कहा मोदीजी के नेतृत्व में भारत नें आतंकवाद पर पूरी तरह काबू पाया है। पहले जब -तब आतंकी आते थे, बम धमाके करके चले जाते थे। मोदीजी के नेतृत्व में हम पड़ोसियों को हैसियत में रहना सिखा सकते हैं। अब समय बदल गया, भारत को कोई सताने की हिम्मत नहीं कर सकता।

भाजपा प्रवक्ता ने मोदीजी के नेतृत्व में हुये बदलावों, बड़े निर्णयों और कल्याणकारी कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुये बताया कि भारत में परिणाम देने वाली मोदीजी की सरकार के नेतृत्व में देश वास्तविक प्रगति, उन्नति और विकास करने के साथ साथ, विश्व में उच्च मानक स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल ट्रांजेक्शन में भारत नंबर वन है। सौर ऊर्जा उत्पादन में भारत विश्व लीडर बन रहा है। चन्द्रमा के दक्षिणी छोर पर उतर कर हमने इतिहास रचा है। उन्होंने कहा भारत में बदलाव दिख रहा है, भ्रष्टाचार खत्म हो रहा है, बेटी बचाओ -बेटी पढ़ाओ अभियान के कारण अब बेटों से ज्यादा बेटियां जन्म ले रहीं हैं।

उन्होंने कोटा की चर्चा करते हुये कहा आज कोटा भाजपा संगठन की ऊर्जा और गतिशीलता के साथ- साथ एक अलग स्पंदन महसूस कर रहा है। वह है विश्व के सबसे बड़े लोकतान्त्रिक देश भारत की सबसे बड़ी पंचायत लोकसभा का अध्यक्ष ओम बिरला जी का होना। उन्होंने कहा कि राजस्थान के लिए भी यह गौरवपूर्ण अवसर है कि भारत कि संसद के दोनों सदनों के सभापति राजस्थान से है।

भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला गरीब, वंचित, शोषितों, मातृशक्ति को लेकर चिंतन सदैव मन मस्तिष्क में रहता है। किस तरह से इनका आर्थिक स्तर सुधरें, ये सभी आत्मनिर्भर बनें, इनके विकास से ही पूरे देश का विकास संभव है। माननीय ओम जी बिरला लगातार सेवाकार्यों में संलग्न रहते है

इंजीनियरिंग और मेडिकल एंट्रेंस में कोटा का दबदबा पूरे देश में है। यहां तक कि कोटा कोचिंग ने 17 बार ऑल इंडिया वन रैंकर आईआईटी और मेडिकल एंट्रेंस में दिए हैं। इस दौरान भाजपा विधायक संदीप शर्मा राजस्थान रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष राजेशकृष्ण बिरला ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने सुधांशु त्रिवेदी का साफा, पार्टी दुपट्टा एवं 51 किलो के पुष्पहार के माध्यम से भव्य स्वागत किया। प्रदेशमंत्री अनुसूईया गोस्वामी, पूर्व महापौर महेश विजय, नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी मंचस्थ रहे।