पीएम मोदी के चीन दौरे से तिलमिलाए ट्रंप और उसके सलाहकार, जानिए क्यों

0
68

वॉशिंगटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी सप्ताह चीन की यात्रा पर जाने वाले हैं, जहां वे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिका ने भारत पर अपना टैरिफ दोगुना करके 50% कर दिया है।

पीएम मोदी की चीन यात्रा की खबर आने के बाद से ही अमेरिका तिलमिलाया हुआ है। अमेरिका की योजना टैरिफ लगाकर भारत को झुकाने की थी, लेकिन नई दिल्ली के इस दांव ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया है। अब ट्रंप के ट्रेड सलाहकार पीटर नवारो ने पीएम मोदी के दौरे पर निशाना साधते हुए चीन को भारत का दुश्मन बताया है।

पीटर नवारो ने भारत पर तानाशाही के साथ हाथ मिलाने का आरोप भी लगा डाला। उन्होंने चीन और रूस के साथ भारत के संबंधों की आलोचना की। ब्लूमबर्ग टीवी के साथ एक इंटरव्यू में नवारो ने कहा, ‘भारत आप तानाशाही के साथ मिल रहे हो। चीन के साथ आप दशकों तक जंग में रहे। उन्होंने आपके अक्साई चिन और सारे इलाके पर कब्जा कर लिया है। वे तुम्हारे दोस्त नहीं हैं। और रूस.. कम ऑन…’

भारत पर टैरिफ का किया समर्थन
इसी इंटरव्यू में नवारो ने ट्रंप प्रशासन के भारत पर सख्त रुख का समर्थन किया और यू्क्रेन युद्ध को मोदी का युद्ध बता दिया। उन्होंने भारत पर आरोप लगाया कि वह सस्ती दरों पर रूसी तेल खरीदकर पुतिन के सैन्य अभियान को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि मैं मोदी युद्ध इसलिए कह रहा, क्योंकि शांति का रास्ता कुछ हद तक नई दिल्ली से होकर जाता है।

अमेरिका ने लगाया भारत पर टैरिफ
नवारो का इंटरव्यू बुधवार को भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लागू होने के कुछ ही घंटों बाद आया है। यह अमेरिका का किसी भी एशियाई देश पर सबसे ज्यादा टैरिफ है, जबकि चीन को 30% टैरिफ में रखा गया है। अमेरिकी टैरिफ ने भारतीय निर्यात के 55% से ज्यादा हिस्से को प्रभावित किया है। इससे इलेक्ट्रॉनिक्स और दवाइयों को छूट दी गई है, लेकिन कपड़ा और आभूषण जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्रों पर सीधा असर पड़ने की आशंका है।

नवारो ने कहा, भारत जो कर रहा है, उससे अमेरिका में हर कोई हार रहा है। उपभोक्ता, बिजनेस, कर्मचारी- हर कोई हार रहा है। करदाताओं को भी नुकसान हो रहा है, क्योंकि हमें मोदी के युद्ध के लिए धन जुटाना है।