पीएम ने सेना को खुली छूट दी, सेना ने शौर्य से भारत माता का मस्तक ऊंचा किया: नागर

0
31

सांगोद में निकली राष्ट्र गौरव तिरंगा यात्रा, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर हुए शामिल

कोटा/ सांगोद। जोशीले नारों से गूंजता आसमान, राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे युवा और देशभक्ति गीतों पर थिरकती टोलियां, कुछ ऐसा ही दृश्य था बुधवार को सांगोद में निकली राष्ट्र गौरव तिंरगा यात्रा का। ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर की अगुवाई में सांगोद बपावर क्षेत्र में राष्ट्र गौरव तिरंगा यात्रा निकाली गई।

विनोद खुर्द में वीर शहीद हेमराज मीणा की प्रतिमा को माल्यार्पण कर यात्रा का शुभारंभ किया गया। जो जालीहेड़ा, अदालत चौराहा होते हुए सांगोद पहुंची। जहां गांधी चौराहे पर महात्मा गांधी को माल्यार्पण किया। गायत्री चौराहे पर पहुंचकर तिंरगा यात्रा सभा में बदल गई। ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर तिंरगा थामे बाइक पर सवार होकर यात्रा में शामिल रहे।

इस दौरान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि पहले भारत में रोजाना आतंकवादी घटनाएं होती थी और सैकड़ो देशवासी कल के गाल में चले जाते थे। लेकिन उस समय की कांग्रेस की सरकारों में इतनी हिम्मत नहीं थी कि वह सीमा पार जाकर पाकिस्तान से बदला ले सके।

2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में तीन हमले हुए और तीनों ही हमलो का मुंह तोड़ जवाब दिया गया है। भारत की सेना के शौर्य का पूरे विश्व ने लोहा माना है। आज हम तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की सेना के प्रति कृतज्ञता प्रकट कर कर रहे हैं।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी ने सेना को खुली छूट दी है। इस कारण से पाकिस्तान को घुटनों पर लाना संभव हो सका है। पाकिस्तान के 9 ठिकानो को 20 मिनट में उड़ा दिया, लेकिन पाकिस्तान को खबर तक नहीं हो पाई। वोट बैंक के लालच में कार्रवाई नहीं करने वाली सरकारों से यह उम्मीद नहीं की जा सकती थी।

पीएम मोदी के नेतृत्व में सेना ने शौर्य दिखाया और भारत माता का मस्तक ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि अभी केवल युद्ध स्थगित हुआ है। पीएम ने कह दिया है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है। देश के लिए हम सभी एकजुट हैं और तिरंगे की आन बान शान के लिए मर मिटने को भी तैयार हैं।

भारतीय सेना के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते चल रहे थे कार्यकर्त्ता
तिंरगा यात्रा में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगे थामे दो पहिया और चौपहिया वाहन लेकर साथ चले। रास्ते में तोरण द्वार लगाकर यात्रा का स्वागत किया गया। डीजे की धुन पर नाचते गाते कार्यकर्ता भारतीय सेना के अदम्य साहस और वीरता के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते चल रहे थे। वहीं हाथो में प्रधान मंत्री के कोटेशन लिखी तख्तियां ले रखी थीं। इस दौरान जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं, उप प्रधान ओम नागर अडूसा, क्रय विक्रय समिति के अध्यक्ष ओम मेहता, वीरांगना मधुबाला मीणा, भाजपा सांगोद देहात मंडल अध्यक्ष मुरारी मेहता, बपावर मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, सांगोद नगर मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।