पीएम किसान निधि की 21वीं किस्त जल्द ही आएगी किसानों के खाते में, जानिए कब

0
213

नयी दिल्ली। दीवाली से पहले देशभर के करोड़ों किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 21वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उम्मीद की जा रही थी कि केंद्र सरकार त्योहार से पहले ₹2,000 की अगली किस्त जारी करेगी, जिससे किसानों के घरों में खुशियों का माहौल बने।

लेकिन अब संकेत मिल रहे हैं कि सरकार दीवाली पर किस्त जारी नहीं करेगी और अगली किस्त का ट्रांसफर नवंबर के पहले सप्ताह में होने की संभावना है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्र सरकार नवंबर के पहले सप्ताह में पीएम किसान की 21वीं किस्त जारी करने की घोषणा कर सकती है।

यह भी माना जा रहा है कि यह घोषणा बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से कुछ दिन पहले की जा सकती है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखें तय हो चुकी हैं। पहला चरण: 6 नवंबर, दूसरा चरण: 11 नवंबर और मतगणना: 14 नवंबर। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि सरकार नवंबर के पहले हफ्ते में ही किस्त जारी कर सकती है, ताकि इसका लाभ चुनाव से पहले किसानों तक पहुंचे।

बिहार में चुनावी आचार संहिता लागू है, जिसके चलते यह सवाल उठ रहा है कि क्या सरकार इस दौरान पीएम किसान की नई किस्त जारी कर सकती है। बता दें कि केंद्र सरकार पहले ही कुछ राज्यों में 21वीं किस्त जारी कर चुकी है।

26 सितंबर 2025 को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के किसानों के खातों में किस्त जारी की थी। इन राज्यों में हाल ही में आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण किसानों को अग्रिम राहत दी गई थी। इसके बाद, 7 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के किसानों को भी इस किस्त का लाभ मिल चुका है। हालांकि, बाकी राज्यों के किसानों को अब नवंबर के पहले सप्ताह तक इंतजार करना पड़ सकता है।

इन किसानों को नहीं मिलेगा लाभ
सरकार ने 2019 में पीएम किसान योजना के नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किए थे। इसके तहत 1 फरवरी 2019 को एक कटऑफ डेट तय की गई। जो किसान इस तारीख के बाद नई जमीन खरीदते हैं या उन्हें नई भूमि सौंपी गई है, वे अगले पांच वर्षों तक पीएम किसान योजना का लाभ नहीं उठा सकेंगे। हालांकि, यदि जमीन विरासत में मिली है (जमीन मालिक की मृत्यु के बाद), तो ऐसे किसान योजना के पात्र रहेंगे। साथ ही, सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन किसानों की e-KYC पूरी नहीं हुई है या जिनके बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं उन्हें इस बार की किस्त नहीं दी जाएगी।