पिप्पलेश्वर महादेव के सानिध्य में 8 फरवरी को होगा विराट हिंदू सम्मेलन

0
4

भव्य कलश यात्रा, वीरांगना जीवन चरित्र नाट्य मंचन, नारी शक्ति व मलखंभ प्रदर्शन होंगे

कोटा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित हो रही विराट हिंदू सम्मेलनों की श्रृंखला के अंतर्गत कोटा महानगर में एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। टीचर्स कॉलोनी, रंगविहार एवं कंपीटीशन बस्ती क्षेत्र में 8 फरवरी को पिप्पलेश्वर महादेव के सानिध्य में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन समिति अध्यक्ष श्याम नारायण मिश्रा ने बताया कि सम्मेलन का शुभारंभ प्रातः 11:30 बजे टीचर्स कॉलोनी स्थित विश्वनाथ महादेव एवं कामखेड़ा हनुमान मंदिर से विशाल एवं भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पिप्पलेश्वर महादेव मंदिर स्थित पिप्पलेश्वर वाटिका कंपीटीशन कॉलोनी पहुंचेगी।

कलश यात्रा के उपरांत धार्मिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रबोध से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों में गणेश वंदना, वीरांगना महारानी अबक्का जी के जीवन चरित्र पर आधारित नाट्य मंचन, सामूहिक नृत्य, नारी शक्ति द्वारा शौर्य प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहेंगे। साथ ही क्षेत्रीय बालिकाओं द्वारा मलखंभ प्रदर्शन भी किया जाएगा।

सम्मेलन में इस्कॉन कोटा के मायापुरवासी दास प्रभु के आशीर्वचन होंगे, जबकि मुख्य वक्ता द्वारा हिंदू समाज के संगठन, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के विषय पर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर समस्त बस्तीवासियों के लिए सहभोज की व्यवस्था भी की गई है।

आयोजन को सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न स्वयंसेवी टोलियों का गठन किया गया है। इनमें भीड़ नियंत्रण, जल व्यवस्था, भोजन निर्माण एवं भोजन वितरण जैसी जिम्मेदारियों का दायित्व स्वयंसेवकों को सौंपा गया है। सम्मेलन से जुड़े सभी कार्यक्रम पिप्पलेश्वर वाटिका एवं पिप्पलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में होंगे।