नई दिल्ली। Dry fruit trade: पश्चिम एशिया संकट का असर भारत में मेवा कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है। मेवा कारोबारियों का कहना है कि इस संकट के कारण मेवों की कीमतों में इजाफा हुआ।
भारत मेवों के आयात पर काफी निर्भर है और ये मेवे न केवल ईरान से आते हैं, बल्कि अफगानिस्तान, सउदी अरब, यूएई, इराक आदि संकट प्रभावित देशों से आते हैं। संकट के कारण इन मेवों का आयात प्रभावित होने का खटका है और संकट के दौरान मेवों के ऑर्डर अटकने लगे हैं।
वैश्विक तनाव ने भारत के मेवा कारोबार को संकट में डाल दिया है। नट ऐंड ड्राई फ्रूट काउंसिल (एनडीएफसी) इंडिया के संस्थापक सदस्य रवि मेहता ने बिजनेस स्टैडर्ड को बताया कि ईरान संकट के पहले चरण में भी मेवा कारोबार प्रभावित हुआ था।
लेकिन इस बार संकट उससे भी बढ़ा है क्योंकि पहले सिर्फ ईरान से मेवा आयात में दिक्कत थी। लेकिन इस बार तो अफगान, सऊदी अरब, इराक, यूएई से भी मेवा के आयात पर मार पड़ सकती है क्योंकि ये देश भी युद्ध की मार झेल रहे हैं। पश्चिम एशिया में युद्ध के हालात के कारण मेवों के ऑर्डर अटक गए हैं और कारोबारी नये ऑर्डर देने और लेने से कतरा रहे हैं।
देश में मेवों की सबसे बड़ी मंडी माने जाने वाली खारी बावली के मेवा कारोबारी ऋषि मंगला ने कहा कि अगर युद्ध लंबा खिंचा को मेवा की आपूर्ति श्रृंखला टूट सकती है। मेहता कहते हैं कि देश में मेवों का सालाना कारोबार 60 से 65 हजार करोड़ रुपये का है। इसमें 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक आयात का हिस्सा है। पिस्ता, खजूर, अंजीर, केसर, किशमिश, मामरा बादाम, छुआरा जैसे मेवों के मामले में भारत इरान, इराक, अफगानिस्तान और यूएई पर पूरी तरह निर्भर है। बाकी बादाम में अमेरिका पर निर्भर है।
ईरान पर अमेरिका और इजराइल द्वारा हमला करने के बाद भारत में मेवों की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है। मेहता ने कहा कि बीते 4-5 दिन में मेवों की कीमतों में इजाफा हुआ है। ईरानी पिस्ता के दाम 200 रुपये बढ़कर 2,100 से 2,200 रुपये, खजूर के दाम गुणवत्ता के हिसाब से 20 से 100 रुपये बढ़कर 150 से 1,500 रुपये किलो हो गए हैं।
अंजीर की कीमतों में 80 से 100 रुपये किलो और केसर में 10 रुपये प्रति ग्राम बढ़ोतरी हुई है। अंजीर 1,000 रुपये से 2,000 रुपये किलो तक बिक रही है। आयातित केसर के दाम 200 से 250 रुपये प्रति ग्राम हैं। ईरान संकट से पहले 3,500 से 4,000 रुपये बिकने वाला मामरा बादाम 4,000 से 4,500 रुपये किलो बिक रहा है।

