कोटा। राष्ट्रीय दशहरा मेला में विजयश्री रंगमंच पर शनिवार को नन्हें मुन्नों ने बाल प्रतिभा का लोहा मनवा दिया। एकल, युगल और लोकनृत्य का ऐसा तड़का लगाया कि हर कोई हतप्रभ रह गया।
इस दौरान स्काउट गाइड के वन नोबल स्टेप ग्रुप की ओर से लखन, पार्थ, संजू, रिमझिम, अर्पिता, शानू, सुनैना ने वंदेमातरम.. गीत के साथ राष्ट्रवादी बयार बहाई। पवित्रम नित्यम ग्रुप की ओर से अनिका, तन्मय, गौरांशी, पावनी, एकांशी, अनिष्का, वैदेही, प्रतीक्षा ने जिया जले नैनों तले.. पर सुंदर नृत्य की प्रस्तुति देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने “ये शान्ति, तूफान के आने की शुरुआतहै ..” के द्वारा “ना करें प्रकृति का शोषण..” का विचार रखा। गुजराती ग्रुप तन्वी, माही, अक्षिता, उपासना ने गरबा नृत्य की प्रस्तुति दी। अन्विका शर्मा ने तांडव नृत्य कर विजयश्री रंगमंच को हर हर महादेव से गूंजा दिया।
एकांशी और अंशिका दुबे ने राधा कृष्ण की ठिठोली की प्रस्तुति देते हुए “नैनो से ना छूना मोहे, कान्हा सोजा जरा..” पर युगल नृत्य किया। वहीं हिमांशु और कृष्णा शर्मा ने कजरारे कजरारे.. पर युगल नृत्य किया। केशवम कत्थक ग्रुप की नेहा पांचाल की शिष्य दिव्यांशी, युवाक्षी, भव्या, यनिका, आर्ची, काव्या, रिदम, युविका ने जय जय शंकर.. पर क्लासिकल नृत्य किया।
दिव्यांशी राठौर ने लुक छुक जाओ जी.. पर राजपूती नृत्य किया। धीमहि जोशी ने तराना पर सोलो शास्त्रीय नृत्य किया। परिधि राणा ने ठाडे रहियो../ लोकेश गोयल ने जलवा../ निमृत टंडन ने बेबी को बेस पसंद है../ राधिका ने ए री सखी मंगल गाओ री. / हृदय थडानी ने शिवाजी./ आराध्या तिवारी ने छम्मा छम्मा../ राशिका मंदाना ने मेरे ढोलना सुन.. की प्रस्तुति पर तालियां गूंज उठीं। वहीं तन्वी बबलानी, जियांशी निष्ठा परालिया, नंदिता गोयल ने भी नृत्य किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी, मेला अधिकारी अशोक कुमार त्यागी, अतिरिक्त मेला अधिकारी महेश कुमार गोयल, मेला प्रभारी सत्यनारायण राठौर, गैराज प्रभारी रविंद्र सैनी, स्वास्थ्य अधिकारी रिचा, डॉ. निशु गोयल, भारतीय जनता पार्टी जिला मंत्री भावना धाभाई अहीर, भाजपा महावीर नगर मंडल प्रियंका अदलखा, अनीता वाघेला, राकेश गुप्ता ने की। मंच संचालन कवि भूपेंद्र राठौर और नीतू कुमावत ने किया।

