कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार सुबह नयापुरा स्थित महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम से ‘नमो युवा रन- नशामुक्त भारत के लिए’ दौड़ का शुभारंभ किया। हजारों की संख्या में जुटे युवाओं को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि यह दौड़ केवल फिटनेस का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भागीदारी का संदेश है।
बिरला ने कहा कि जब हम स्वस्थ रहेंगे तभी एक विकसित और समृद्ध भारत का निर्माण संभव है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने और इसमें सबसे बड़ी भूमिका युवाओं की है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी दिनचर्या में प्रतिदिन एक घंटा फिटनेस और खेलों को दें। यही आदत भविष्य में स्वस्थ समाज और मजबूत भारत की नींव बनेगी।
नशामुक्त भारत की ओर कदम
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को नष्ट करता है, जबकि खेल और अनुशासन जीवन को नई दिशा देते हैं। इस युवा रन का संदेश है कि हम सभी मिलकर नशे से दूर रहेंगे और समाज को भी नशामुक्त बनाएंगे। उन्होंने कहा कि जब हजारों युवा एक साथ दौड़ते हैं तो यह केवल खेल आयोजन नहीं होता, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प की बुलंद आवाज बन जाता है।
स्वदेशी अपनाएं युवा
बिरला ने युवाओं से स्वदेशी अपनाने और जीवन में सेवा भाव रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार या जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि हम फिट रहेंगे, स्वदेशी अपनाएंगे और समाज सेवा में योगदान देंगे तो भारत अवश्य नई ऊँचाइयों तक पहुंचेगा।
फिटनेस को जीवनशैली बनाएं
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सशक्त मन के बिना बड़ा लक्ष्य संभव नहीं। नमो युवा रन इसी सोच का उत्सव है, यह केवल दौड़ नहीं, बल्कि फिटनेस को जीवन शैली बनाने का सामूहिक संकल्प है। नियमित खेल, योग, संतुलित आहार और नशामुक्त जीवन ये चार आदतें हर युवा को अपनानी चाहिएं। दौड़ की प्रत्येक कदम ताल हमें याद दिलाती है कि आत्म-अनुशासन, समय पालन और टीम भावना से हम व्यक्तिगत सफलता को सामाजिक परिवर्तन में रूपांतरित कर सकते हैं।
युवाओं के हाथ में भारत का भविष्य
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि आज भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने विकसित भारत का जो सपना देखा है, उसे साकार करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी भी युवाओं पर है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सशक्त मन से ही हम अपने परिवार, समाज और राष्ट्र को नई दिशा दे सकते हैं। यह युवा रन केवल खेल नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
नशा मुक्त जीवन का संकल्प लें
जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि युवा जब फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हैं तो समाज में नई ऊर्जा का संचार होता है। नमो युवा रन केवल खेल का आयोजन नहीं है, बल्कि यह युवा पीढ़ी को नशामुक्त जीवन, स्वस्थ आदतों और राष्ट्र सेवा के संकल्प से जोड़ने का एक बड़ा अभियान है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने उत्साह और क्षमता को शिक्षा, खेल, नवाचार और सेवा के माध्यम से समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित करें।
दिखा उत्साह, उमड़ा युवा जोश
‘नमो युवा रन’ में कोटा की सड़कों पर देशभक्ति और ऊर्जा का अद्भुत माहौल देखने को मिला। हजारों छात्र-छात्राएँ, खेल प्रेमी और आम नागरिक नशा मुक्त भारत के संकल्प की तख्तियां लेकर दौड़ में शामिल हुए। बच्चे हों या बुजुर्ग, सभी ने कदम से कदम मिलाकर “भारत माता की जय” के नारों के बीच नशामुक्त भारत का संदेश दिया। इस दौड़ ने पूरे शहर में फिटनेस और स्वस्थ समाज का संदेश फैला दिया।

