कोटा। अखिल भारतीय सतगुरू मात्रंग ऋषि नवल धर्मसभा एवं नवल धर्मसभा यूथ विंग के संयुक्त तत्वाधान में 28 फरवरी को कोटा के बोरखेडा पेटोल पम्प के पास स्थित श्याम रिसोर्ट में पाँचवां राष्ट्रीय अधिवेशन’ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के पोस्टर का गुरुवार को विमोचन किया गया।
राजकुमार सरसिया ने बताया कि एक दिवसीय इस समागम में देशभर के 15 विभिन्न प्रांतो से लगभग 8000 प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उपस्थित रहेंगे। जबकि अध्यक्षता वर्तमान आचार्य श्री चरणदास महाराज (जोधपुर) द्वारा की जाएगी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के केबिनेट मंत्री मदन दिलावर, झाबर सिंह खर्रा, विधायक संदीप शर्मा और श्रीमती कल्पना देवी भी अपने विचार साझा करेंगे। अधिवेशन में वाल्मिकी समाज के 6 प्रमुख पंथों के पूज्य संत और नवल साहिब के वंशज उपस्थित होंगे।
नवल धर्म सभा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सफेला ने बताया कि प्रातः 10 बजे से शुरू होने वाले इस अधिवेशन को दो महत्वपूर्ण सत्रों में बांटा गया है। प्रथम सत्र में समाज की प्रमुख मांगो पर आधारित होगा।
जिसमें महर्षि नवल स्वामी के विचारों को राजस्थान के शैक्षिक पाठ्यक्रम में शामिल करने, कोटा में समाज के लिए छात्रावास हेतु भूमि आवंटन तथा जोधपुर में स्वामी जी के भव्य पैनोरमा निर्माण जैसे विषयो पर रणनीति तैयार की जाएगी।
साथ ही राजस्थान में सफाई कर्मचारियों की नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और स्वामी जी के जन्मोत्सव पर सवैतनिक अवकाश घोषित करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई जाएगी।
राकेश सफेला ने बताया कि दोपहर 2:30 बजे से आयोजित द्वितीय सत्र में नवल धर्मसभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव सम्पन्न होगा। इसके उपरांत सामाजिक सुधारों जैसे मृत्यु भोज पर रोक, अंधविश्वास व रूढ़िवादिता के उन्मूलन और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों पर गंभीर चिंतन किया जाएगा।
अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य वाल्मिकी समाज को आर्थिक, शैक्षणिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाना तथा समाज की भविष्य की नीति निर्धारित करना है। विमोचन में सूरेश पचेरवाल, श्रीनाथ कलोसिया, पंकज घेघट, रामदयाल नकवाल, शिवराज पंवार, कुलदीप सरवान, गोलु पचेरवाल, अजित सफेला, सुनील पटोना, हेम सफेला उपस्थित रहे।

